जयपुर/ नरेश गुनानी/राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने रविवार को जयपुर में ब्लिंकिट के एक डार्क स्टोर पर बड़ी कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने मौके पर 164 पैकेट खाद्य सामग्री नष्ट करवाई और मिलावट की आशंका के चलते घी के 2 सैंपल जांच के लिए लिए।
यह निरीक्षण प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ के निर्देशों और खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा विश्वा नगर, न्यू सांगानेर रोड, सोडाला स्थित ब्लिंकिट डार्क स्टोर पर किया गया।
कोल्ड स्टोरेज और स्वच्छता मानकों की उड़ी धज्जियां
अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान डार्क स्टोर में भारी अनियमितताएं और गंदगी पाई गई:
- तापमान में गड़बड़ी: पनीर, चीज, दूध और दही जैसी तापमान-संवेदनशील वस्तुओं को निर्धारित मानकों के अनुसार स्टोर नहीं किया गया था। पनीर और चीज लगभग 13 डिग्री सेल्सियस तापमान पर रखे मिले, जो बेहद असुरक्षित है।
- दूध और चिकन एक साथ: दूध के कुछ पैकेट फटे हुए थे और उनसे दूध रिस रहा था। बेहद गंदे कैरेट में दूध के पैकेटों के साथ ही चिकन के पैकेट भी रखे पाए गए।
- फिनाइल के पास आटा: आटे के कट्टे फिनाइल जैसी हानिकारक रसायनों के साथ रखे मिले।
- अस्वच्छ परिसर और ज़ंग लगी रैक: सामग्री बिना पैलेट के रखी थी और छत का प्लास्टर उखड़ा हुआ था। सामान रखने की रैक पर जंग लगा था और फर्श भी बेहद गंदा था। बिक्री के लिए रखे तेल के पैकेट पर भी भारी गंदगी जमी थी।
- अमानवीय प्रथाएं: कर्मचारियों द्वारा खाद्य सामग्री निकालने के लिए जूतों समेत रैक पर चढ़ने की बात सामने आई। लोडिंग-अनलोडिंग क्षेत्र में जगह-जगह थूक की पीक और गंदगी पाई गई।
अनिवार्य दस्तावेज और सर्टिफिकेट गायब
जांच के दौरान डार्क स्टोर में फूड हैंडलर्स के निर्धारित प्रारूप वाले मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं थे। इसके अलावा परिसर में पेस्ट कंट्रोल (कीट नियंत्रण) से संबंधित प्रमाण-पत्र और लॉग रजिस्टर भी गायब मिले।
164 पैकेट नष्ट, लैब भेजे गए घी के सैंपल
खाद्य सामग्री का सही तापमान और सुरक्षित माहौल में भंडारण न होने से उनके खराब होने की पूरी संभावना थी, जिसके चलते अधिकारियों ने मौके पर ही 164 पैकेट खाद्य सामग्री को नष्ट करा दिया। इसके साथ ही, शुद्धता की जांच के लिए घी के 2 सैंपल खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
कड़े कानूनी और दंडात्मक कदम उठाने की चेतावनी
अतिरिक्त आयुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि घी के सैंपल मिलावटी या सब-स्टैंडर्ड (गुणवत्ता से कम) पाए जाते हैं, तो संबंधित फर्म के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी और न्यायिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेश में सभी खाद्य कारोबारियों को सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।