जयपुर/ नरेश गुनानी/प्रदेशभर में मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के निर्देशन में संचालित ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत रविवार को राज्यभर में सघन निरीक्षण, नमूनीकरण, जब्ती और सीलिंग की व्यापक कार्रवाई की गई। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खासतौर पर दूध, मावा, पनीर, घी और मिठाइयों की गुणवत्ता पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन तथा अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह व संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश शर्मा के पर्यवेक्षण में राज्य व जिला स्तरीय टीमें लगातार छापे मार रही हैं।
प्रमुख कार्यवाहियों का विवरण
- जयपुर में अस्वच्छ पनीर नष्ट: जयपुर मुख्यालय की केंद्रीय टीम ने झोटवाड़ा स्थित मैसर्स माया डेयरी का औचक निरीक्षण किया। यहां पनीर बेहद अस्वच्छ और असुरक्षित परिस्थितियों में रखा हुआ मिला। टीम ने तत्काल नमूना लेते हुए करीब 300 किलो संदिग्ध पनीर को मौके पर ही नष्ट करवाया।
- फलोदी में अवैध फैक्ट्री सील: फलोदी के खीचन गांव में संचालित एक अवैध वनस्पति फैट निर्माण इकाई पर छापा मारा गया। मौके से भारी मात्रा में कच्चा माल, पैकिंग मशीनें और तैयार उत्पाद मिले। टीम ने करीब 690 किलो वनस्पति फैट जब्त कर फैक्ट्री को तुरंत प्रभाव से सीज कर दिया।
- धौलपुर में लिए गए नमूने: धौलपुर के सरमथुरा कस्बे में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार के नेतृत्व में धर्मेंद्र डेयरी से मिश्रित दूध और जोधपुर मिष्ठान भंडार से घेवर के नमूने एकत्र कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।
त्योहारी सीजन में विशेष निगरानी और दिशा-निर्देश
अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के अनुसार, त्योहारी मांग को ध्यान में रखते हुए फील्ड टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। प्रयोगशाला जांच में यदि खाद्य सामग्री सब-स्टैंडर्ड, अनसेफ या मिसब्रांडेड पाई जाती है, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर दंडात्मक व अभियोजनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता एवं गुणवत्ता मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी प्रकार के मिलावटी या संदेहास्पद खाद्य पदार्थ की जानकारी तुरंत विभाग के साथ साझा करें ताकि त्वरित एक्शन लिया जा सके।