जयपुर/नरेश गुनानी/मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के निर्देशन में प्रदेशभर में “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत मिलावटी व असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी है। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाकर मिलावटखोरों पर शिकंजा कसा है।
प्रदेशव्यापी कार्रवाई के प्रमुख आंकड़े
- निरीक्षण व सैंपलिंग: विभाग की टीमों ने प्रदेशभर में एक ही दिन में 102 खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया और जांच के लिए 142 नमूने (92 एनफोर्समेंट व 50 सर्विलांस) एकत्रित किए।
- प्रयोगशाला जांच: सभी नमूनों को राज्य केंद्रीय जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा गया है, जहां से रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- दूषित सामग्री नष्ट: प्रथम दृष्टया अमानक, बासी एवं स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाए गए 893 किलोग्राम से अधिक खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
- नोटिस जारी: खाद्य सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने पर 9 कारोबारियों को सुधार (इम्प्रूवमेंट) नोटिस थमाए गए हैं।
प्रमुख जिलों में की गई कार्रवाई

- जयपुर: बजाज नगर स्थित हनुमान मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी, सिंधी कैंप स्थित होटल जय मंगल पैलेस से पनीर एवं एमबी स्वीट्स से गुलाब जामुन के नमूने लिए गए। आगरा रोड (बगराना) स्थित बिना लाइसेंस संचालित मिठाई कारखाने पर छापा मारकर करीब 300 किलो सोनपपड़ी नष्ट करवाई गई तथा अग्रिम आदेशों तक मशीनों को सील कर प्रतिष्ठान बंद कराया गया।
- सिरोही: पिंडवाड़ा में भाग्य लक्ष्मी प्रतिष्ठान से काजू कतली व घी, जोधपुर मिष्ठान भंडार से सोनपपड़ी तथा सोना मिष्ठान से दही-लस्सी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
- टोंक: डिग्गी मेले व त्योहारी अभियान के तहत चौसला और डिग्गी नुक्कड़ पर निरीक्षण के दौरान 11 लीटर अवधिपार (एक्सपायर्ड) रिफाइंड पाम ऑयल नष्ट कराया गया।
- खैरथल-तिजारा: विजय डेयरी, सखी डेयरी, भगत जी मिष्ठान भंडार और जाहिद डेयरी से कलाकंद, देसी घी, मिश्रित दूध, बर्फी एवं मावा के नमूने लिए गए।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला और प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ के अनुसार, त्योहारी सीजन में आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ रोकने के लिए यह निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा। सभी व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।