शुद्ध आहार – मिलावट पर वार अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
जयपुर में SS Food Event पर छापेमारी, मिली भारी गंदगी, एक्सपायरी प्रोडक्ट और बिना लाइसेंस कारोबार
गौरव कोचर •
जयपुर, 04 नवम्बर। शुद्ध आहार – मिलावट पर वार अभियान के तहत जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान के आयुक्त डॉ. टी. शुभ मंगला के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत के नेतृत्व में विभागीय दल ने परमहंस कॉलोनी, मुरलीपुरा स्थित “SS Food Event” पर आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि संस्थान पर अत्यंत अस्वच्छ (Unhygienic) परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी। रसोई क्षेत्र में गंदगी, बिखरा हुआ कचरा और दूषित वातावरण पाया गया। इसके अलावा एक्सपायरी सॉस, जूस और मॉकटेल्स भी बड़ी मात्रा में रखे हुए मिले, जो उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकते थे।
जांच में यह भी सामने आया कि संचालक के पास खाद्य अनुज्ञा पत्र (Food License) नहीं था। साथ ही, वहां काम कर रहे फूड हैंडलर्स के मेडिकल सर्टिफिकेट भी उपलब्ध नहीं थे। खाद्य निर्माण में उपयोग हो रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी प्रस्तुत नहीं की जा सकी।
विभागीय दल ने मौके से बादाम, गुलाब जामुन और उड़द-मोगर के एक-एक नमूने लिए हैं, जिन्हें राज्य खाद्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है।
जांच के आधार पर टीम ने बताया कि —
- अस्वच्छ स्थिति में खाद्य निर्माण करने पर FSS Act की धारा 56,
- बिना अनुज्ञा पत्र खाद्य व्यवसाय संचालित करने पर धारा 63,
- एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के उपयोग पर धारा 27 के तहत कार्यवाही प्रस्तावित की गई है।
इसके अतिरिक्त, धारा 32 के अंतर्गत संस्थान को इम्प्रूवमेंट नोटिस (Improvement Notice) जारी किया जाएगा। विभाग ने कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार शर्मा, वीरेंद्र कुमार सिंह, नरेश कुमार चेजारा, पवन गुप्ता और विशाल मित्तल शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे शादी या आयोजनों के दौरान कैटरिंग सेवाएं लेते समय संबंधित संस्थान के लाइसेंस, सफाई व्यवस्था और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की अवश्य जांच करें, ताकि मिलावटखोरी और अस्वच्छ भोजन से बचाव हो सके।