शुद्ध आहार मिलावट पर वार: जयपुर में बड़ी कार्रवाई, 10 हजार लीटर वनस्पति घी और 150 किलो मिर्च पाउडर सीज
| गौरव कोचर
जयपुर। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की पहल और चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में प्रदेश में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। बुधवार को जयपुर में ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 हजार लीटर संदिग्ध वनस्पति घी और 150 किलो मिर्च पाउडर सीज किया है।

कुकरखेड़ा मंडी में बड़ी जब्ती
खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के अनुसार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (जयपुर प्रथम) डॉ. रवि शेखावत के नेतृत्व में कुकरखेड़ा मंडी स्थित मैसर्स रुक्मणी इंटरप्राइजेज पर छापा मारा गया। यहाँ मिलावट के संदेह में 9853 लीटर अशोका ब्राण्ड का वनस्पति घी सीज़ किया गया। टीम ने मौके से अशोका वनस्पति के दो अलग-अलग बैच और नेचर फ्रेश वनस्पति का सैंपल लिया है। गौरतलब है कि इसी फर्म से सितंबर 2025 में लिया गया अशोका वनस्पति का नमूना जांच में ‘सबस्टैण्डर्ड’ पाया गया था।
वीकेआई क्षेत्र में भी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा दल ने विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र (VKI) में भी सघन जांच की:
- मैसर्स सैनी किराना स्टोर (रोड नंबर 17): यहाँ से मिर्च पाउडर का नमूना लेकर 150 किलो मिर्च पाउडर मौके पर सीज़ किया गया।
- मैसर्स अग्रवाल इंटरप्राइजेज: यहाँ से ‘महान ब्राण्ड’ के घी का सैंपल लिया गया।
- मुकेश डिपार्टमेंटल स्टोर: धनिया पाउडर का नमूना संकलित किया गया।
- चौमू किराना स्टोर: सरसों के तेल का नमूना लिया गया।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कड़ी कार्रवाई
विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित विक्रेताओं और निर्माताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस एवं खाद्य सुरक्षा टीम: इस कार्रवाई में विनोद कुमार शर्मा, वीरेंद्र सिंह, विशाल मित्तल एवं पवन गुप्ता शामिल रहे।