शिक्षा में गुणवत्ता सुधार को प्राथमिकता दें—संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल
By : सुनील शर्मा
टेलीग्राफ टाइम्स
जोधपुर, 8 अगस्त 2025।
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने शुक्रवार को जोधपुर जिले के लूणी, धवा और केरू ब्लॉक में आयोजित संस्था प्रधान वाकपीठ कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय और विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए नवाचार, प्रतिबद्धता और गुणवत्ता सुधार पर जोर दिया।
पटेल ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। संस्था प्रधानों को विभाग द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने वाकपीठ को केवल औपचारिक बैठक तक सीमित न रखकर, इसे अनुभव साझा करने और नवाचार की योजनाओं को लागू करने का प्रभावी मंच बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विद्यालय की अवसंरचना, शिक्षण संसाधन, छात्र-छात्राओं का अनुशासन और परीक्षा परिणामों में सुधार जैसे मुद्दों को वाकपीठ के प्रतिवेदन में प्रमुखता से शामिल किया जाए। साथ ही, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को चिन्हित कर उन्हें प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान दिलाने के लिए विशेष रणनीति बनाई जाए।
पटेल ने संस्था प्रधानों से आग्रह किया कि वे किसी भी बाहरी दबाव में आए बिना केवल विद्यार्थियों के हित में निर्णय लें। उन्होंने विद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रेरणादायक बनाए रखने, शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने और मातृ-पितृ पूजन दिवस को बेहतर ढंग से मनाने की बात कही।
जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश—
कार्यक्रम के दौरान पटेल ने जिला शिक्षा अधिकारी को अधिक से अधिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की प्रतिनियुक्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस मौके पर उन्होंने संस्था प्रधानों से संवाद कर विद्यालयों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए सुझाव आमंत्रित किए।