शिक्षा मंत्री ने शिविर में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, विकास कार्यों के लिए दिए ₹27 लाख
07नवम्बर 2025 | जयपुर/ नरेश गुनानी
राज्य सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविरों के तहत गुरुवार को कोटा जिले की रामगंजमंडी तहसील की ग्राम पंचायत आलोड और सालेड़ा खुर्द का संयुक्त शिविर ग्राम रिंछी में आयोजित किया गया।
शिविर में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही उनके समाधान के निर्देश दिए। ग्रामीणों की मांग पर मंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए अपने विधायक कोष से ₹27 लाख की घोषणा की।
घोषित राशि से किए जाने वाले प्रमुख कार्य:
- रिंछी खेल मैदान के लिए ग्रेवल सड़क निर्माण पर ₹5 लाख
- बैरवा बस्ती सालेड़ा खुर्द में नाला निर्माण हेतु ₹5 लाख
- ग्राम रिंछी के राम मंदिर के सामने सामुदायिक भवन में टिन शेड लगाने के लिए ₹5 लाख
- ग्राम रिंछी चौपाल पर विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए ₹5 लाख
- ग्राम मोतीपुरा खुर्द हनुमान मंदिर वाले रास्ते पर इंटरलॉकिंग और नाले की पुलिया निर्माण हेतु ₹7 लाख
शिविर के दौरान ग्रामीणों की विभिन्न योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण भी किया गया।
- आलोड पंचायत में कुल 42 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 35 का मौके पर निस्तारण किया गया। इनमें खाद्य सुरक्षा के 16, प्रधानमंत्री आवास योजना के 10 प्रकरण शामिल रहे। प्रधानमंत्री आवास योजना की दो किस्तें जारी की गईं और 56 पट्टे बनाए गए।
- सालेड़ा खुर्द पंचायत में कुल 61 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें खाद्य सुरक्षा के 18 मामले आए। इसके अलावा 16 पट्टे बनाए गए, 5 मृत्यु प्रमाण पत्र, 2 जन्म प्रमाण पत्र और 5 जॉब कार्ड तैयार किए गए।
दोनों शिविरों में मिलाकर कुल 105 आवेदन प्राप्त हुए। ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष विकास कार्यों और जनकल्याण योजनाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया।