रिपोर्ट योगेश शर्मा
जयपुर/करौली। समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था ह्यूमन लाइफ फाउंडेशन (HLF) ने करौली जिले के हजारीपुरा गाँव में शिक्षा की तस्वीर बदलने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। संस्था द्वारा ग्राम हजारीपुरा स्थित वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय के विद्यार्थियों को फर्नीचर भेंट किया गया, जिससे अब मासूम बच्चों को जमीन पर बैठकर पढ़ाई करने की मजबूरी से मुक्ति मिल गई है।
120 विद्यार्थियों के लिए 40 सेट डेस्क-बेंच भेंट
फाउंडेशन के संस्थापक और प्रमुख समाजसेवी हेमराज चतुर्वेदी के नेतृत्व में विद्यालय के 120 बच्चों के लिए बैठने की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई है। संस्था ने स्कूल को लोहे के 40 सेट टेबल-बेंच प्रदान किए हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है ताकि ग्रामीण और कमजोर वर्ग के बच्चों को भी निजी स्कूलों जैसी सुविधाएं मिल सकें।
सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ाना है मुख्य लक्ष्य
इस अवसर पर हेमराज चतुर्वेदी ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा:
”हमारी संस्था का संकल्प है कि सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को पढ़ाई का बेहतर वातावरण मिले। जब बुनियादी सुविधाएं बेहतर होंगी, तभी सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़ेगा और गरीब वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए महंगे प्राइवेट स्कूलों की ओर नहीं भागना पड़ेगा।”
विद्यालय प्रशासन और शिक्षा विभाग ने जताया आभार
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य विष्णु कुमार जोशी ने फाउंडेशन के संस्थापक हेमराज चतुर्वेदी, रामखिलाड़ी (सेक्रेटरी) और दिनेश चतुर्वेदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित संभागीय शिक्षा अधिकारी गंगाधर मीणा ने दान की महिमा बताते हुए कहा कि सत्कार्यों में खर्च किया गया धन कभी कम नहीं होता, बल्कि वह समाज के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है।
खुशियों की मिठास और सुविधाओं की सौगात
फर्नीचर मिलने की खुशी बच्चों के चेहरों पर साफ देखी जा सकती थी। इस मौके पर हेमराज चतुर्वेदी ने सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका मुंह मीठा कराया। गौरतलब है कि ह्यूमन लाइफ फाउंडेशन ने हाल ही में इसी विद्यालय में शीतल पेयजल के लिए वाटर कूलर भी भेंट किया था। स्कूल में निरंतर बढ़ती सुविधाओं को देख ग्रामीण और अभिभावक काफी उत्साहित नजर आए।