शासन सचिवालय में ‘वंदे मातरम @150’ और स्वदेशी संकल्प कार्यक्रम आयोजित

शासन सचिवालय में ‘वंदे मातरम @150’ और स्वदेशी संकल्प कार्यक्रम आयोजित

10 नवम्बर 2025, जयपुर | नरेश गुनानी 

राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को शासन सचिवालय परिसर में ‘वंदे मातरम @150 एवं स्वदेशी संकल्प कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। देशभक्ति और स्वदेशी भावना से ओतप्रोत इस आयोजन में मुख्य सचिव सुधांश पंत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

फ़ोटो टेलीग्राफ टाइम्स

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य सचिव के प्रेरणादायक उद्बोधन से हुई। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने का यह अवसर अत्यंत गौरवशाली और ऐतिहासिक है। बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा लिखित और गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर द्वारा संगीतबद्ध यह गीत वर्ष 1896 में पहली बार सार्वजनिक रूप से गाया गया था, जिसके बाद यह स्वतंत्रता आंदोलन का प्रतीक बन गया।

मुख्य सचिव ने कहा कि बीते डेढ़ शताब्दी में ‘वंदे मातरम’ ने भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और राष्ट्रवादी चेतना को निरंतर प्रेरित किया है। केन्द्र सरकार द्वारा इस गीत की 150वीं वर्षगांठ पर एक राष्ट्रीय स्मृति पहल की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से देशभर में उत्सवों का आयोजन कर नागरिकों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्रगीत की मूल भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उनके उद्बोधन के पश्चात सचिवालय परिसर में “एक स्थान, एक समय, एक गीत – वंदे मातरम” थीम पर सामूहिक गायन का आयोजन हुआ। इस दौरान सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित जनों ने एक स्वर में ‘वंदे मातरम’ का गायन कर राष्ट्रभावना और एकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्य सचिव ने सभी को ‘स्वदेशी संकल्प’ के तहत स्थानीय और भारतीय उत्पादों के उपयोग, स्वदेशी उद्योगों को प्राथमिकता देने तथा पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव, विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि ‘वंदे मातरम @150’ कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत आगामी दिनों में नगर निकायों, पंचायत राज संस्थानों, शिक्षण संस्थाओं, अस्पतालों और पुलिस थानों में भी स्वदेशी संकल्प एवं राष्ट्रगीत गायन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम का वातावरण राष्ट्रभक्ति के उत्साह, एकता और गर्व की भावना से ओतप्रोत रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का सख्त एक्शन: 488 मामले दर्ज, 78 आरोपी गिरफ्तार

जयपुर/ गौरव कोचर/राजस्थान में अन्य राज्यों से होने वाली...