शहर में जलभराव की स्थिति का जायजा: अतिक्रमण पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
Edited By : गणपत चौहान
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 07,2025
रायगढ़ टेलीग्राफ टाइम्स
रायगढ़, 7 जुलाई 2025 — निगम आयुक्त बृजेश श्री क्षत्रिय ने रविवार को तड़के सुबह 6 बजे से शहर के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों, नालों और विभिन्न वार्डों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अतिक्रमण, जल निकासी व्यवस्था, नाली सफाई, सड़क एवं पाइपलाइन निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा की और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के सख्त निर्देश दिए।
रामनिवास टॉकीज संचालक को नोटिस और जुर्माने के निर्देश
आयुक्त ने रामनिवास टॉकीज के पास सड़क काटकर बनाए गए कृत्रिम नाले का निरीक्षण किया। नाले में अतिक्रमण की पुष्टि पर टॉकीज संचालक को तत्काल नोटिस जारी करने, जुर्माना लगाने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश अतिक्रमण निवारण दस्ता को दिए। साथ ही, नाले में ह्यूम पाइप डालकर जल निकासी व्यवस्था सुधारने और सड़क की मरम्मत शीघ्र करने को कहा गया।
ओवरब्रिज से सुभाष चौक तक के व्यवसायियों पर सख्ती
रेलवे ट्रैक के नीचे ओवरब्रिज से सुभाष चौक तक निरीक्षण के दौरान नाली पर हुए अतिक्रमण पाए गए। इससे जल निकासी बाधित होने और जलभराव की समस्या सामने आई। आयुक्त ने व्यवसायियों को नोटिस जारी करने, अतिक्रमण हटाने एवं सख्त जुर्माना लगाने के आदेश दिए।

आरपीएफ बैरक की दीवार तोड़ने और बड़पारा क्षेत्र की सफाई के निर्देश
रामनिवास टॉकीज के पीछे से गुजरने वाले नाले का निरीक्षण करते हुए श्री क्षत्रिय ने आरपीएफ बैरक की दीवार को जेसीबी से तोड़ने, नाले के चौड़ीकरण और आसपास अवैध रूप से बनी चखना सेंटर जैसी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। बड़पारा क्षेत्र में पोकलेन मशीन लगाकर झाड़ियां, मलबा और गाजा हटाकर व्यापक सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए।
गांधीगंज में अव्यवस्थित वाहनों पर कार्रवाई
गांधीगंज परिसर का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने पुराने खड़े कंडम वाहनों को हटाने, अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण और नियमित सफाई की व्यवस्था करने का आदेश अधिकारियों को दिया। वहां के व्यवसायियों एवं ट्रांसपोर्टरों से बातचीत कर उन्होंने यातायात व्यवस्था सुधारने की अपील भी की।
नालों की सफाई और तकनीकी मरम्मत पर विशेष जोर
आयुक्त ने बारिश के दौरान नालों में बहकर जमा होने वाले कचरे, पन्नी, झाड़ियां और गाजा के कारण जल निकासी में बाधा उत्पन्न होने की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सभी सफाई दरोगाओं को बड़े और मोहल्ला स्तर के नालों पर नियमित निगरानी रखने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल सफाई कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही जल आपूर्ति पाइपलाइन की मरम्मत में उन्नत तकनीकी मानकों का पालन करने के आदेश कार्यपालन अभियंता श्री अमरेश लोहिया को दिए गए।
नगरवासियों से सहयोग की अपील
श्री क्षत्रिय ने रामनिवास टॉकीज रोड स्थित व्यापारियों और निवासियों से चर्चा करते हुए कहा कि शहर को जलभराव से बचाने के लिए निगम द्वारा किए जा रहे प्रयासों में नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे नालों की सफाई, जल निकासी और अव्यवस्थित निर्माण कार्यों से बचने में प्रशासन का साथ दें।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख रूप से मौजूद अधिकारी
सहायक अभियंता अशोक सिंह, सूरज देवांगन, सफाई विभाग, जल विभाग और वाहन शाखा के अधिकारी-कर्मचारी निरीक्षण में सम्मिलित रहे।
विशेष: आयुक्त का यह निरीक्षण कार्य रविवार अवकाश के दिन भी उनकी सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है, जो निगम प्रशासन को शहर की समस्याओं के प्रति संवेदनशील और सक्रिय बनाता है।