शहरी सेवा शिविर से नागरिक सुविधाओं में होगा विस्तार, आमजन की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
प्रदेश के सभी शहरी क्षेत्रों में दिखेगा अभियान का व्यापक असर – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक आयोजित होगा राज्यव्यापी ‘शहरी सेवा शिविर’
नरेश गुनानी। टेलीग्राफ टाइम्स
11 सितंबर 2025, 09:28 PM, जयपुर – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी शहरी क्षेत्रों में आमजन तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए शहरी सेवा शिविर का आयोजन कर रही है। यह अभियान 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा। इसके अंतर्गत शहरों को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के साथ ही शिविर में नागरिकों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाएगा।
मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के हर शहर और कस्बे में इस अभियान का व्यापक असर दिखना चाहिए। इसके लिए अभियान में सभी अधिकारी गंभीरता और सेवाभाव के साथ कार्य करें।
समग्र मार्गदर्शिका तैयार करने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नगरीय क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना और उनसे जुड़े प्रकरणों का मौके पर समाधान करना है। इसके लिए सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा एक विशेष पोर्टल तैयार किया जा रहा है। साथ ही, विभाग द्वारा शिविर से संबंधित समग्र जानकारी की मार्गदर्शिका भी तैयार की जाएगी।
शहर होंगे स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित, सड़कों व रोशनी की होगी बेहतर व्यवस्था
अभियान के दौरान शहरों में व्यापक स्तर पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। नालियों, सीवर लाइन, फेरो कवर और मैनहोल की मरम्मत की जाएगी। प्रमुख चौराहों, पार्कों, सामुदायिक केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यकरण किया जाएगा।
सड़कों की मरम्मत, सीसी और डामर सड़कों पर पेचवर्क का कार्य किया जाएगा। स्ट्रीट लाइटों की सुधार के साथ ही अंधेरी और सुनसान सड़कों पर नई लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
अभियान में स्वायत्त शासन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, ऊर्जा, सार्वजनिक निर्माण, राजस्व, महिला एवं बाल विकास तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त भागीदारी होगी, जिससे नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
नागरिकों को उपलब्ध होंगी त्वरित सेवाएं
शिविर के तहत जन्म-मृत्यु और विवाह पंजीकरण, फायर एन.ओ.सी., ट्रेड लाइसेंस, साइनेज लाइसेंस, सीवर कनेक्शन, ओएफसी एवं मोबाइल टावर एन.ओ.सी., ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, अनुमोदित योजनाओं के पट्टे, उपविभाजन-पुनर्गठन, भू-उपयोग परिवर्तन, नामांतरण, भवन निर्माण स्वीकृति, लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टे जारी करना तथा यूडी टैक्स जमा करवाने की सुगम व्यवस्था की जाएगी।
आमजन तक पहुंचेगा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की फ्लैगशिप योजनाओं के आवेदन प्राप्त कर स्वीकृति दी जाएगी। अटल पेंशन योजना, वृद्धावस्था, विधवा और विकलांग पेंशन योजनाओं से पात्र लोगों को जोड़ा जाएगा। साथ ही, विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों और अन्य सार्वजनिक भवनों की मरम्मत एवं सौंदर्यकरण के कार्य भी होंगे।
उल्लेखनीय है कि पहले यह शिविर 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने का प्रस्ताव था, लेकिन अब इसकी अवधि बढ़ाकर 15 सितंबर से 15 अक्टूबर कर दी गई है। बैठक में नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।