शराब पीकर वाहन चलाने वालों का लाइसेंस रद्द होगा, हाईवे किनारे अतिक्रमण हटेंगे — मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
नरेश गुनानी •
जयपुर, 04नवम्बर 2025।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में यातायात और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने परिवहन, पुलिस और सार्वजनिक निर्माण विभाग को संयुक्त रूप से 4 नवम्बर से 15 दिन तक विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि यातायात नियमों की सख्ती से पालना कराई जाए और दुर्घटनाओं में जनहानि को रोकने के लिए सभी संबंधित विभाग मिलकर काम करें।

बार-बार ओवरस्पीड और शराब पीकर वाहन चलाने पर लाइसेंस रद्द
मुख्यमंत्री ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने और ओवरस्पीड के बार-बार चालान होने पर ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किया जाए। साथ ही, भारी वाहन लाइसेंस नवीनीकरण के समय आंखों की जांच रिपोर्ट गलत पाए जाने पर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अवैध कट और अतिक्रमण हटेंगे
उन्होंने सभी राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर अवैध कटों को तुरंत बंद करने, ब्लैक स्पॉट सुधारने और हाईवे किनारे अवैध ढाबों व पार्किंगों को हटाने के निर्देश दिए। एनएचएआई को दिल्ली–मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर और भारतमाला प्रोजेक्ट मार्गों पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों और कंपनियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही, वाहन चालकों से ओवरटाइम ड्राइविंग करवाने पर संबंधित ट्रांसपोर्ट कंपनियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
सड़क सुरक्षा के लिए विशेष प्रावधान
- हाईवे पर इंटरसेप्टर तैनात किए जाएंगे ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई हो सके।
- नो एंट्री जोन में भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्त कार्रवाई होगी और इन जोन की पुनः समीक्षा की जाएगी।
- जयपुर, कोटा, दिल्ली, अजमेर और भरतपुर हाईवे पर आराम स्थल विकसित करने के लिए जमीन चिन्हित की जाएगी।
चिकित्सा व्यवस्था और आपात सेवा
मुख्यमंत्री ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि सड़क हादसों में घायलों को एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया जाए।
उन्होंने आगामी 15 नवम्बर से 15 फरवरी तक ट्रक चालकों की आंखों की जांच कराने के निर्देश भी दिए।
पैदलयात्रियों और आमजन के लिए कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि पैदल मार्गों से अवरोधक और अतिक्रमण हटाए जाएं, सर्दी और कोहरे के मौसम में सड़कों पर रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, और सड़कों के किनारे पेड़–झाड़ियों की कटाई सुनिश्चित की जाए।
विभागीय जवाबदेही और जागरूकता
उन्होंने चेतावनी दी कि समय पर कार्यवाही नहीं करने वाले अधिकारियों और कार्मिकों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभाग मिलकर यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाएं और नियमों की पालना कराने वाले कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाए।
उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को सम्मानित करने की पहल करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में परिवहन, गृह, पुलिस, सार्वजनिक निर्माण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, नगरीय विकास, जेडीए, एनएचएआई सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।