शत प्रतिशत डिजिटिलाइजेशन लक्ष्य प्राप्त करने वाले बीएलओ सम्मानित
| नरेश गुनानी
जयपुर, 03 दिसंबर।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत विधानसभा क्षेत्र मालवीय नगर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। पर्यवेक्षक कैलाश वर्मा के नेतृत्व में कार्यरत क्षेत्र के सभी 10 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने निर्धारित समय से पहले शत प्रतिशत डिजिटिलाइजेशन कार्य पूरा किया। इसे अनुकरणीय टीम वर्क और मजबूत पर्यवेक्षण का परिणाम माना जा रहा है।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, विधानसभा क्षेत्र मालवीय नगर सुभाष महरिया ने इस उपलब्धि पर पर्यवेक्षक कैलाश वर्मा और सभी बीएलओ को बधाई दी। उन्होंने टीम के समर्पण, अनुशासन और समयबद्धता की सराहना करते हुए सम्मानित किया।
सुभाष महरिया ने कहा कि यह उपलब्धि निर्वाचन कार्य की निष्ठा, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी चरणों में भी टीमें इसी प्रकार गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से कार्य करती रहेंगी, जिससे मतदाता सूची को और अधिक सटीक, अद्यतन और सुव्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
निर्वाचन विभाग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए सभी पर्यवेक्षकों और बीएलओ को पूरी तत्परता, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया है।