व्यापारी हितों की दिशा में बड़ा आयोजन: बीयूवीएम का स्थापना दिवस 3 अगस्त को दिल्ली में, कई अहम मुद्दों पर होगा मंथन
By : लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 24.2025
जयपुर/दिल्ली, 24 जुलाई।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल (BUVM) आगामी 3 अगस्त को दिल्ली में अपना स्थापना दिवस समारोह भव्य स्तर पर मनाने जा रहा है। यह आयोजन आकाशवाणी ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से व्यापारी प्रतिनिधि भाग लेंगे और व्यापार जगत से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
🔶 मुख्य अतिथि होंगी दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
समारोह के उद्घाटन सत्र की मुख्य अतिथि दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता होंगी। मुख्यमंत्री से दिल्ली में बाजारों की सीलिंग, गोदाम निर्माण, पानी और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं पर चर्चा की जाएगी। साथ ही, मुख्यमंत्री समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यापारियों को सम्मानित भी करेंगी।
🔷 तकनीकी सत्र: जीएसटी, कृषि विपणन, एफएसएसएआई पर होगा मंथन
तकनीकी सत्र में केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल मुख्य अतिथि होंगे। वे जीएसटी, एफएसएसएआई कानून, आरसीएम प्रथा, उपभोक्ता मामलों आदि से संबंधित व्यापारिक समस्याओं पर अपनी बात रखेंगे और समाधान के लिए दिशा देंगे।
प्रमुख मांगों में शामिल हैं:
- जीएसटी के केवल दो स्लैब (5% और 18%) किए जाएं।
- कृषि उपज मंडी सेस को राष्ट्रीय स्तर पर 0.50% निर्धारित किया जाए।
- एफएसएसएआई की सैंपल जांच को 6 महीने से घटाकर वार्षिक किया जाए।
- आरसीएम की व्यवस्था को समाप्त किया जाए।
🔶 तृतीय सत्र में कॉर्पोरेट मामलों और सड़क परिवहन पर होगी चर्चा
तृतीय सत्र के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा होंगे। इसमें विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों की व्यापारिक समस्याओं को साझा करेंगे। साथ ही, संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में विचार विमर्श होगा।
🟢 प्रतिनिधिमंडल ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात
बीयूवीएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से भेंट की। इस दौरान उन्हें कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया गया। प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री मुकुंद मिश्रा, हेमंत गुप्ता, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष प्रेम अरोड़ा, चेयरमेन बलबीर गुप्ता, महामंत्री राकेश यादव, सुरेश नागपाल, सुनील पांडे, सुमित अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने समारोह में आने की स्वीकृति दी है।
🔸 राष्ट्रीय अभियान की रूपरेखा भी होगी तय
कार्यक्रम में यह भी तय किया जाएगा कि संगठन की गतिविधियों को भारत के विभिन्न प्रांतों तक कैसे पहुंचाया जाए और कैसे स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित किया जाए।
