वैश्विक भुखमरी से निपटने के लिए भारत ने विश्व खाद्य कार्यक्रम के साथ साझेदारी की
खाद्य सुरक्षा से जूझ रहे देशों की सहायता के लिए भारत प्रतिबद्ध: खाद्य सचिव
25 AUG 2025, 5:03 PM | गणेश शर्मा | टेलीग्राफ टाइम्स
भारत सरकार और विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) ने आज एक आशय पत्र (LOI) पर हस्ताक्षर कर वैश्विक भुखमरी संकट से निपटने के उद्देश्य से अपने सहयोग की महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की।
खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग (DFPD) के तहत भारत, WFP को फोर्टिफाइड चावल की आपूर्ति करने का अवसर प्रदान करेगा। इस पहल का उद्देश्य संकटग्रस्त क्षेत्रों में सबसे कमजोर आबादी की खाद्य और पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करना है।
यह सहयोग वैश्विक साझेदारियों को मजबूत करने का संकेत देता है। भारत से चावल प्राप्त करके, WFP अपनी आवश्यकता से अधिक कृषि उत्पादन वाले देशों के संसाधनों का उपयोग जीवन रक्षक सहायता प्रदान करने और भुखमरी से निपटने की दिशा में ठोस कदम उठाने के लिए करेगा।
खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के सचिव संजीव चोपड़ा ने कहा, “भारत वसुधैव कुटुम्बकम यानी ‘पृथ्वी एक परिवार’ के सिद्धांत में विश्वास रखता है। जरूरतमंद समुदायों के लिए देश का मानवीय समर्थन इसी दृष्टिकोण का हिस्सा है।”
WFP के उप कार्यकारी निदेशक कार्ल स्काउ ने कहा, “हम खाद्य-सुरक्षित और शांतिपूर्ण विश्व के निर्माण के लिए भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता की गहराई से सराहना करते हैं। यह साझेदारी वैश्विक प्रयासों को मजबूत करने और जरूरतमंद लोगों को निरंतर सहायता सुनिश्चित करने के हमारे संयुक्त इरादे को दर्शाती है।” उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया में सीमित मानवीय सहायता निधियों के बीच बढ़ती खाद्य असुरक्षा का सामना करने में भारत का योगदान अत्यंत सराहनीय है।
यह पहल फरवरी 2025 में रोम में आयोजित कार्यकारी बोर्ड की बैठक में हुई चर्चाओं का परिणाम है, जहाँ भारत सरकार और WFP के प्रतिनिधियों ने सहयोग के तरीकों पर विचार-विमर्श किया था। यह आशय पत्र मानवीय वितरण के लिए खाद्यान्न की विश्वसनीय आपूर्ति सुनिश्चित करने का आधार तैयार करता है।
इसके अलावा, विश्व खाद्य कार्यक्रम के साथ चल रहे अन्य सहयोगात्मक प्रयासों जैसे आपूर्ति श्रृंखला अनुकूलन (वितरण/खरीद), फोर्टिफाइड चावल की शुरुआत, अन्नपूर्ति उपकरण (अनाज एटीएम), जन पोषण केंद्र, स्मार्ट वेयरहाउसिंग तकनीक और फ्लोस्पैन (मोबाइल स्टोरेज यूनिट) पर भी चर्चा की गई। साथ ही भविष्य में सहयोग के संभावित क्षेत्रों की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर भारतीय खाद्य निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आशुतोष अग्निहोत्री, WFP APARO के क्षेत्रीय निदेशक समीर वनमाली, WFP इंडिया की कंट्री डायरेक्टर एलिजाबेथ फॉरे और खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
