विशेष आलेख: डॉ. राजीव शर्मा (प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, हृदय रोग विभाग, महात्मा गांधी अस्पताल, जयपुर)
———————–
जयपुर। हृदय हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग है, जो बिना रुके जीवनभर शरीर के प्रत्येक अंग तक रक्त और ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित करता है। वर्तमान दौर में बदलती जीवनशैली, शारीरिक निष्क्रियता, असंतुलित खान-पान, मानसिक तनाव, मोटापा, मधुमेह (डायबिटीज), उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन), बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल और तंबाकू का सेवन हृदय रोगों के मुख्य कारणों के रूप में उभरे हैं। आज हार्ट अटैक केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि युवा पीढ़ी भी तेजी से इसकी चपेट में आ रही है। ऐसे में यह समझना आवश्यक है कि हृदय रोग होने के बाद इलाज कराने से कहीं अधिक बेहतर और प्रभावी उपाय इसकी समय रहते रोकथाम करना है।
राजस्थान में स्वास्थ्य संकेतकों की चिंताजनक स्थिति
राजस्थान के स्वास्थ्य आंकड़े बताते हैं कि जीवनशैली जनित बीमारियां किस तेजी से पैर पसार रही हैं:
- उच्च रक्तचाप: 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के 16.5% पुरुष और 14.4% महिलाएं सामान्य से अधिक रक्तचाप स्तर से ग्रस्त हैं।
- मधुमेह: लगभग 12.7% पुरुष और 10.4% महिलाएं अनियंत्रित अथवा बढ़े हुए ब्लड शुगर स्तर की श्रेणी में हैं।
- मोटापा: 15 से 49 वर्ष आयु वर्ग के 19 से 20% पुरुष और महिलाएं अधिक वजन या मोटापे की समस्या से जूझ रहे हैं।
उच्च रक्तचाप, डायबिटीज, मोटापा और बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल मिलकर हृदय रोगों के जोखिम को कई गुना बढ़ा देते हैं।
डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर: खामोश खतरे
- डायबिटीज: यह केवल रक्त शर्करा की समस्या नहीं है। लंबे समय तक बढ़ा हुआ शुगर लेवल रक्तवाहिकाओं को क्षतिग्रस्त करता है, जिससे सामान्य व्यक्ति की तुलना में हृदय रोग और स्ट्रोक का खतरा दोगुना हो जाता है। डायबिटीज के मरीजों के लिए केवल शुगर ही नहीं, बल्कि बीपी, कोलेस्ट्रॉल, वजन और किडनी की कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी जरूरी है।
- हाई ब्लड प्रेशर: बिना किसी स्पष्ट लक्षण के यह वर्षों तक शरीर को अंदर से नुकसान पहुंचाता रहता है। लगातार बढ़ा हुआ दबाव हृदय की मांसपेशियों, धमनियों, मस्तिष्क और गुर्दों को कमजोर करता है, जिससे हार्ट अटैक और हार्ट फेल्योर का खतरा रहता है। डॉक्टर द्वारा सुझाई गई दवाएं बिना सलाह के बंद नहीं करनी चाहिए।
दिल को स्वस्थ रखने के लिए कैसी हो थाली?
खानपान केवल भूख मिटाने का जरिया नहीं, बल्कि हृदय की सुरक्षा का आधार है:
- नमक की मात्रा घटाएं: अतिरिक्त नमक बीपी बढ़ाता है। भोजन में ऊपर से नमक न डालें और अचार, पापड़, नमकीन, चिप्स, पैकेज्ड स्नैक्स तथा इंस्टेंट नूडल्स से परहेज करें।
- तेल, घी और ट्रांस फैट पर नियंत्रण: अत्यधिक तला-भुना, समोसे, कचौरी, पूड़ी और बार-बार गर्म किए गए तेल में बने खाद्य पदार्थों से बचें। बेकरी प्रोडक्ट्स और अत्यधिक प्रोसेस्ड फूड में मौजूद अस्वास्थ्यकर वसा से दूरी बनाएं।
- साबुत अनाज और फाइबर: भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, मौसमी फल, दालें, चना, राजमा, साबुत अनाज और रेशेदार तत्वों को शामिल करें। मैदा और रिफाइंड उत्पादों को कम करें।
- मीठे और मीठे पेयों पर रोक: चीनी, पैकेज्ड जूस और मीठे शीतल पेयों का सेवन नियंत्रित करें। साबुत फल खाना जूस पीने से अधिक फायदेमंद है।
- पारंपरिक खानपान की खूबियां: भारतीय और विशेषकर राजस्थानी भोजन (जैसे बाजरा, ज्वार, मूंग, दाल, चना) स्वाभाविक रूप से पोषक तत्वों से भरपूर हैं, बशर्ते इनमें घी, तेल, चीनी और नमक की मात्रा संतुलित रखी जाए।
तंबाकू और कोविड-19 का प्रभाव
- तंबाकू से दूरी: बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, खैनी या जर्दा—तंबाकू का कोई भी रूप धमनियों में प्लाक और रक्त के थक्के जमने की प्रक्रिया को तेज करता है।
- कोविड-19 से सबक: गंभीर संक्रमण के मामलों में हृदय की मांसपेशियों को क्षति और धड़कन में अनियमितता जैसी जटिलताएं देखी गई हैं। लंबे समय तक सीने में भारीपन, सांस फूलने या अत्यधिक थकान की स्थिति में चिकित्सकीय परामर्श लेना आवश्यक है।
पश्चिमी देशों के मॉडल से सीख और आधुनिक चिकित्सा
अमेरिका और पश्चिमी यूरोप में धूम्रपान नियंत्रण, बीपी-शुगर की समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देकर हृदय रोग मृत्यु दर में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। हृदय रोगों से मुकाबला केवल एंजियोप्लास्टी या बाईपास सर्जरी तक सीमित नहीं है, बल्कि प्राथमिक स्तर पर रोकथाम और जांच की मजबूत व्यवस्था आवश्यक है।
आज आधुनिक चिकित्सा के माध्यम से ECG, इकोकार्डियोग्राफी, होल्टर, सीटी कोरोनरी एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी (PCI), बाईपास सर्जरी (CABG), और बिना बड़े चीरे वाली TAVI/TAVR जैसी तकनीकों से जटिल हृदय रोगों का सफल उपचार संभव है।
हार्ट अटैक के लक्षण: हर मिनट है कीमती
सीने में तेज दबाव, दर्द, खिंचाव, सांस फूलना, ठंडा पसीना आना, घबराहट तथा दर्द का कंधे, हाथ, जबड़े या पीठ तक फैलना हार्ट अटैक के प्रमुख लक्षण हैं। महिलाओं, बुजुर्गों और डायबिटीज के मरीजों में ये लक्षण कभी-कभी हल्के या अस्पष्ट हो सकते हैं। इसे गैस या सामान्य थकान मानकर नजरअंदाज न करें; तुरंत अस्पताल पहुंचे।
हृदय सुरक्षा का सरल मंत्र
- प्रतिदिन कम से कम 10,000 कदम सामान्य से तेज गति से टहलें।
- नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और 7-8 घंटे की पर्याप्त नींद लें।
- तनाव प्रबंधन अपनाएं और तंबाकू से पूर्णतः दूरी बनाएं।
- ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और लिपिड प्रोफाइल की नियमित जांच कराएं।
हृदय को स्वस्थ रखने का सबसे कारगर सूत्र है: बीमारी के आने का इंतजार करने के बजाय पहले से ही सतर्कता बरतना।