विश्व साक्षरता दिवस पर ग्राम खपराखोल (बेना नगोई), बिलासपुर में शिक्षकों का सम्मान और बच्चों को स्कूल बैग वितरण
बिलासपुर, 8 सितम्बर 2025। गणपत चौहान ब्यूरो चीफ़, छत्तीसगढ़ टेलीग्राफ टाइम्स।
विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ग्राम विकास गतिविधि द्वारा ग्राम खपराखोल (बेना नगोई), बिलासपुर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों का सम्मान किया गया और बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए गए, जिससे शिक्षा के प्रति उत्साह और जागरूकता का माहौल बना।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर ग्राम विकास के प्रांत प्रचारक देवेंद्र जी, विद्यालय की प्रधान पाठिका देवांगन जी, नगर संयोजक अमित चतुर्वेदी और सहसंयोजक अजय साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

अपने उद्बोधन में देवेंद्र जी ने ग्राम विकास गतिविधि के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि संगठन महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वावलंबन जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र का विकास तभी संभव है जब शिक्षा हर घर तक पहुँचे।
नगर संयोजक अमित चतुर्वेदी ने बताया कि खपराखोल ग्राम को इस कार्यक्रम के लिए इसलिए चुना गया क्योंकि यहां शिक्षा के प्रति जागरूकता को और बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस पहल से ग्रामीणों और बच्चों दोनों में शिक्षा के महत्व को लेकर सकारात्मक माहौल बनेगा।
अंत में सहसंयोजक अजय साहू ने विद्यालय के शिक्षकों का सम्मान करते हुए उनके योगदान की सराहना की और सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक पौडवाल सर ने किया।
इस अवसर पर बच्चों को स्कूल बैग भी वितरित किए गए, जिससे उनमें पढ़ाई के प्रति उत्साह और खुशी देखने को मिली। ग्रामीणों ने इस आयोजन को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास शिक्षा को गाँव-गाँव तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है।