गौरव कोचर
जयपुर, 1 मई 2026
राजस्थान में अवैध मदिरा के निर्माण, भण्डारण, परिवहन और विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने प्रदेशव्यापी विशेष निरोधात्मक अभियान का आगाज किया है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार 1 मई से 15 मई 2026 तक चलने वाले इस अभियान के पहले ही दिन विभिन्न जिलों में नाकाबंदी, गश्त और छापेमारी कर अवैध शराब के ठिकानों को ध्वस्त किया गया।
विभाग ने प्रदेश के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में हजारों लीटर वॉश नष्ट कर आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किए हैं।
जिलों में हुई प्रमुख कार्रवाइयां:
1. बांसवाड़ा और कुशलगढ़:
बांसवाड़ा जिले के आबकारी थाना क्षेत्र और कुशलगढ़ इलाके में विभाग की टीमों ने सघन दबिश दी। इस दौरान करीब 2 हजार लीटर वॉश मौके पर ही नष्ट कर दी गई। टीम ने 42 बोतल अवैध हथकड़ शराब जब्त कर मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
2. निम्बाहेड़ा:
निम्बाहेड़ा क्षेत्र में गश्त के दौरान अवैध शराब निर्माण की सूचना पर छापेमारी की गई। यहाँ कार्रवाई करते हुए 100 लीटर वॉश और एक चालू चूल्हा भट्टी को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। मौके से 10 बोतल अवैध हथकड़ शराब बरामद कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
3. हनुमानगढ़:
हनुमानगढ़ के हथकड़ शराब प्रभावित क्षेत्र अमरपुरा थेड़ी से ढालिया के बीच मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी की गई। यहाँ मोटरसाइकिल पर अवैध रूप से परिवहन की जा रही 55 लीटर अवैध हथकड़ शराब को टीम ने जब्त कर लिया।
4. ब्यावर:
ब्यावर में आबकारी निरोधक दल ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 200 लीटर वॉश नष्ट की। टीम ने यहाँ से 27 बोतल अवैध हथकड़ शराब बरामद की और एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
15 मई तक जारी रहेगी सख्ती
आबकारी विभाग के अनुसार, यह अभियान 15 मई तक पूरी शक्ति के साथ जारी रहेगा। प्रदेश के सभी जिला आबकारी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध मदिरा के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार फील्ड में रहकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।