विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 : 1 लाख से अधिक बूथ लेवल एजेंट दे रहे सहयोग, मतदाता शीघ्र गणना प्रपत्र जमा कराएं

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 : 1 लाख से अधिक बूथ लेवल एजेंट दे रहे सहयोग, मतदाता शीघ्र गणना प्रपत्र जमा कराएं

गौरव कोचर •

जयपुर, 4 नवम्बर 2025। प्रदेश में मंगलवार से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) 2026 की शुरुआत हो गई है। इस अभियान के तहत 199 विधानसभा क्षेत्रों में 52,222 बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य कर रहे हैं। इनके सहयोगार्थ 5,407 सुपरवाइजर भी नियुक्त किए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि 854 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ-साथ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 119 अतिरिक्त सहायक अधिकारियों को भी नोटिफाइड किया गया है। इस प्रकार राज्य में कुल 973 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एसआईआर की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इसके अलावा 199 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 41 उप जिला निर्वाचन अधिकारी, 10 अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी और 41 जिला निर्वाचन अधिकारी भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, ताकि यह कार्य समयबद्ध एवं सुचारू रूप से पूरा हो सके।

वॉलन्टीयर और हेल्पडेस्क भी जुटे

मतदाताओं की सहायता के लिए प्रत्येक बूथ पर वॉलन्टीयर और हेल्पडेस्क कर्मियों की नियुक्ति की गई है। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, राजीविका सखी, एएनएम, साक्षरता प्रेरक, ग्राम पंचायत के कर्मचारी, एनएसएस और एनसीसी छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इनके लिए आमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि वे मतदाताओं की मैपिंग, बीएलओ विजिट की सूचना देने और गणना प्रपत्र भरवाने में प्रभावी सहयोग दे सकें।

राजनीतिक दलों का सहयोग

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-1 एवं बीएलए-2) मतदाता जागरूकता और गणना प्रक्रिया में सहयोग दे रहे हैं। प्रदेश में अब तक कुल 1,00,735 बूथ लेवल एजेंट नियोजित किए जा चुके हैं—

  • भाजपा: 47,555
  • कांग्रेस: 51,193
  • बसपा: 104
  • सीपीआई(एम): 675
  • आम आदमी पार्टी: 91
  • आरएलपी: 110
  • भारत आदिवासी पार्टी: 1,007

निर्वाचन विभाग इन एजेंटों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित कर रहा है, जिससे वे बीएलओ के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर सकें।

मतदाताओं से अपील

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राज्य के मतदाताओं से अपील की है कि वे 4 दिसंबर तक अपनी नवीनतम रंगीन फोटो और आवश्यक विवरण के साथ भरा हुआ गणना प्रपत्र अपने बीएलओ को शीघ्र जमा कराएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सही मतदाता सूची तैयार करने में हर नागरिक का सहयोग लोकतंत्र के प्रति कर्तव्य निभाने के समान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related