विशेष अभियान में 15 दिन में 1.24 लाख वाहनों पर कार्रवाई, नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा

गौरव कोचर 

जयपुर, 19 जून। राजस्थान की सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुधारने और वीआईपी कल्चर के नाम पर हुड़दंग व नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों को सबक सिखाने के लिए पुलिस मुख्यालय का विशेष अभियान पूरी ताकत से जारी है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के कड़े निर्देशों के बाद प्रदेशभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस पूरी मुहिम की कमान महानिदेशक पुलिस यातायात अनिल पालीवाल और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ. बी.एल. मीणा संभाल रहे हैं। इनके सख्त सुपरविजन में जिला पुलिस और ट्रैफिक टीमें दिन-रात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई कर रही हैं।

​15 दिनों में 1.24 लाख से अधिक वाहनों के चालान

​डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल ने बताया कि समेकित आंकड़ों पर नजर डालें तो 4 जून से 18 जून 2026 तक के 15 दिनों के भीतर राजस्थान पुलिस ने कुल 1,24,384 वाहनों के खिलाफ बड़ी प्रवर्तन कार्रवाई की है।

​अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई वाहनों के शीशों पर अवैध ब्लैक फिल्म के खिलाफ की गई। 15 दिनों की कुल कार्रवाई का विवरण इस प्रकार है:

  • अवैध ब्लैक फिल्म: 46,958 चालान
  • नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिह्न: 31,961 चालान
  • वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन: 17,209 चालान
  • वाहनों की बॉडी/चेसिस में अवैध परिवर्तन: 12,232 चालान
  • अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर व हूटर: 9,271 चालान
  • प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न: 6,753 चालान

​गुरुवार का एक्शन: रसूखदारों की गाड़ियों से उतरी काली फिल्म, 7,447 वाहन नपे

​विशेष अभियान के तहत गुरुवार को प्रदेशभर में कुल 7,447 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने रसूखदारों की गाड़ियों से भी काली फिल्म उतरवाई और अवैध बत्तियां व हूटर जब्त किए। गुरुवार को हुई कार्रवाई का वर्गीकरण:

उल्लंघन का प्रकार

चालान की संख्या

ब्लैक फिल्म हटाना

2,577

नियम विरुद्ध नंबर प्लेट

1,813

अनाधिकृत शब्द एवं चिन्ह

1,173

वाहन संरचना में अवैध परिवर्तन

849

अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं हूटर

603

प्रेशर/एयर हॉर्न

432

दौसा में सर्वाधिक 553 कार्रवाई, जयपुर और अजमेर भी आगे

​जिलावार आंकड़ों के अनुसार इस अभियान में दौसा जिला 553 कार्रवाइयों के साथ सबसे आगे रहा। इसके बाद अन्य प्रमुख जिलों और पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्रों में भी भारी एक्शन देखने को मिला:

  • जयपुर पश्चिम: 534 कार्रवाई
  • अजमेर: 492 कार्रवाई
  • जयपुर यातायात (ट्रैफिक): 369 कार्रवाई
  • जयपुर ग्रामीण: 353 कार्रवाई
  • चित्तौड़गढ़: 347 कार्रवाई
  • बांसवाड़ा: 303 कार्रवाई

​इनके अलावा राज्य के अन्य सभी जिलों में भी विशेष अभियान के तहत प्रभावी और सख्त प्रवर्तन किया गया।

पुलिस की आमजन से अपील

डीजी अनिल पालीवाल ने साफ किया कि सड़क सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भविष्य में भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त एवं निरंतर अभियान जारी रहेंगे।

​पुलिस मुख्यालय ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें। वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध संशोधन या ब्लैक फिल्म का उपयोग न करें। साथ ही प्रेशर हॉर्न, अनाधिकृत हूटर और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने से बचें, ताकि प्रदेश में एक सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

जयपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 22 साल पुराने मामले में फरार स्थाई वारंटी मोहम्मद आसिफ गिरफ्तार

जयपुर/ गौरव कोचर/पुलिस थाना विद्याधर नगर ने स्थाई वारंटियों...