विशाल डोल यात्रा में गूंजा जय श्री नरसिंह
खातीपुरा से झारखंड मंदिर तक निकली भव्य शोभायात्रा
03 सितंबर 2025। लोकेंद्र सिंह शेखावत। टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर। खातीपुरा स्थित भगवान नरसिंहजी मंदिर से झारखंड मंदिर तक मंगलवार को विशेष अवसर पर भगवान नरसिंहजी की भव्य डोल यात्रा शोभायात्रा के रूप में निकली। इस शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, ऊंट, बैंड-बाजों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ हजारों श्रद्धालु नर-नारी नाचते-गाते हुए शामिल हुए। हर ओर जय श्री नरसिंह के जयघोष गूंजते रहे।
इस आयोजन की भव्यता को देखते हुए पूरे क्षेत्र में उल्लास और आस्था का माहौल रहा। यात्रा के दौरान मार्ग में श्रद्धालुओं का जगह-जगह पुष्प वर्षा, माल्यार्पण और पूजा-अर्चना के साथ स्वागत किया गया। भक्तों के लिए केले, सेव और आइसक्रीम के रूप में प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
खातीपुरा व्यापार मंडल द्वारा आयोजित इस शोभायात्रा में मुख्य रूप से अध्यक्ष भवानी सिंह राठौड़, भंवरलाल चौधरी, अमित चोपड़ा, तथा मंदिर के पुजारी पंडित मदन गोपाल शर्मा परिवार सहित उपस्थित रहे।
भगवान नरसिंहजी की डोल यात्रा झारखंड मंदिर में विश्राम के बाद पुनः खातीपुरा मंदिर लौटी। यहां रात्रि 8 बजे से विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक कलाकारों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान नरसिंहजी की आराधना की।
धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव का अद्भुत संगम यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गया।

