विधायकपुरी थाना पुलिस की बड़ी कार्यवाही — हत्या के प्रयास में एक साल से फरार वांछित आरोपी गिरफ्तार
गौरव कोचर •
जयपुर, 8 नवम्बर। विधायकपुरी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में एक साल से फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह वही प्रकरण है जिसमें सितम्बर 2024 में एमआई रोड पर दो गैंग्स के बीच आपसी रंजिश के चलते जानलेवा हमला हुआ था और एक खड़ी कार को आग लगा दी गई थी।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षिराज (IPS) ने बताया कि 22 सितम्बर 2024 को एमआई रोड पर सिटी वाइब्स शॉप के सामने दो गैंग्स के सदस्यों में झगड़ा हुआ था। इसमें दोनों पक्षों द्वारा लाठी-डंडों और हथियारों से हमला किया गया, जिसमें कई युवक घायल हुए थे। दोनों ही पक्षों की रिपोर्ट पर अभियोग संख्या 293/2024 और 294/2024 दर्ज किए गए थे।
दोनों घटनाओं की गंभीरता और शहर की कानून व्यवस्था पर संभावित प्रभाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दक्षिण ललित किशोर शर्मा (RPS) के निर्देशन में, सहायक पुलिस आयुक्त अशोक नगर बालाराम (RPS) के सुपरविजन में और थाना अधिकारी विधायकपुरी बनवारीलाल के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
टीम में रविना हदावत (उप निरीक्षक), राजेश कुमार (कानिस्टेबल 9859), मुकेश कुमार (कानिस्टेबल 9938), और आशाराम (कानिस्टेबल 12845) शामिल थे।
टीम ने लगातार निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर अब तक दोनों ही गैंग्स के कुल 18 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। हाल ही में फरार चल रहे आरोपी मोहसिन खान (35 वर्ष), निवासी नाहरी का नाका, शास्त्रीनगर, जयपुर को दबोचा गया। आरोपी लंबे समय से लोकेशन बदल-बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था, लेकिन पुलिस टीम के सदस्य राजेश कुमार ने लगातार आसूचना जुटाकर उसे गिरफ्तार करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी गैंग्स बनाई हुई थीं — एक तरफ “777 (ट्रिपल सेवन)” गैंग जिसका सरगना वसीम मोटा है, और दूसरी तरफ “किलर” गैंग जिसका नेतृत्व मुजम्मिल कर रहा था। दोनों गैंग्स के बीच आपसी रंजिश के चलते बार-बार झगड़े और हमले की घटनाएं होती रहती थीं।
पुलिस की सख्त कार्यवाही से इन दोनों गैंग्स की कमर टूट गई है, और जयपुर शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में यह एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।