विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का किया शुभारंभ — विकास के हर कदम पर जनता की भागीदारी जरूरी: देवनानी
27, अक्टूबर 2025
नरेश गुनानी •
जयपुर, 26 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इन कार्यों में सीसी सड़क, नाला और सामुदायिक भवन निर्माण जैसी मूलभूत सुविधाएं शामिल हैं, जिनसे स्थानीय नागरिकों को बरसात, पेयजल और आवागमन से जुड़ी समस्याओं से स्थायी राहत मिलेगी।

सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ
विकास कार्यों के तहत सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा विभिन्न सड़क निर्माण कार्य शुरू किए गए। इनमें वार्ड संख्या 03 के न्यू गीता कॉलोनी, आर.के.पुरम और विनायक विहार क्षेत्रों में कुल 92.55 लाख रुपए की लागत से सड़कें बनाई जाएंगी। इसके अंतर्गत न्यू गीता कॉलोनी की गली संख्या 2 व 3 में 22.55 लाख रुपए, आर.के.पुरम की मुख्य सड़क और गलियों में 49 लाख रुपए, तथा विनायक विहार में 21 लाख रुपए की लागत से सीसी सड़क निर्माण किया जाएगा।
देवनानी ने कहा कि अजमेर शहर की सड़क कनेक्टिविटी लगातार बेहतर हो रही है। सैकड़ों करोड़ रुपए की लागत से अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का विस्तृत नेटवर्क तैयार किया गया है, जिससे आमजन को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि लगभग संपूर्ण क्षेत्र में पक्की सड़कें पहुंच चुकी हैं और शेष स्थानों पर कार्य जारी है।
सामुदायिक भवन से मिलेगा सामाजिक सुविधा का नया केंद्र
ग्राम बोराज स्थित रावत नगर में विधायक कोष वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 16.70 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। देवनानी ने कहा कि सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार स्थानीय निवासियों के लिए सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के नए अवसर खोलेगा। यह भवन विवाह समारोह, सभा, प्रशिक्षण शिविर और अन्य आयोजनों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा तथा सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना को मजबूत करेगा।
नाला निर्माण से मिलेगी जलभराव से राहत
वार्ड संख्या 80 चौधरी कॉलोनी में 3.62 करोड़ रुपए की लागत से वृहद नाले के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। देवनानी ने कहा कि झूलेलाल, शिव सागर और चौधरी कॉलोनी क्षेत्र के निवासी लंबे समय से वर्षा ऋतु में जलभराव से परेशान रहे हैं। लगभग एक किलोमीटर लंबे इस नाले के निर्माण से बरसाती पानी का प्रवाह सुव्यवस्थित होगा। उन्होंने बताया कि अजमेर में लगभग 65 करोड़ रुपए की लागत से नाले बन रहे हैं, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी।
पेयजल, बिजली, पर्यटन और स्वास्थ्य में हो रहा समग्र विकास
देवनानी ने कहा कि पेयजल आपूर्ति के लिए पानी की टंकी और तीन रिजर्वायर के निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। इन कार्यों के पूर्ण होने पर ग्रीष्मकाल में भी निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। इसके अलावा वरुण सागर से 3 एमएलडी पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शहर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हाथीभाटा क्षेत्र में गैस आधारित जीएसएस का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए काजीपुरा क्षेत्र में लेपर्ड सफारी की स्थापना की जा रही है, जिससे पर्यटकों को पर्यावरणीय पर्यटन का नया अनुभव मिलेगा।
चिकित्सा क्षेत्र में जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक का निर्माण प्रगति पर है और ‘स्पीकर हेल्प डेस्क’ के माध्यम से रोगियों को त्वरित सहायता प्रदान की जा रही है। वहीं, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने हेतु आईटी पार्क की स्थापना की दिशा में कार्य हो रहा है।
जनता की भागीदारी से साकार होगा सशक्त अजमेर
देवनानी ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपने क्षेत्र से संबंधित सुझाव कार्यालय को भेजने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सड़क, नाला, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार से जुड़ी योजनाएं अजमेर की दिशा और दशा को बदलने का कार्य कर रही हैं। सभी के सहयोग से एक स्वच्छ, सशक्त और सुसज्जित अजमेर का निर्माण होगा।