विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने लंदन में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया
लंदन स्थित ऐतिहासिक अंबेडकर हाउस का किया अवलोकन, दुर्लभ साहित्य का किया अध्ययन — डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी विश्वभर में प्रासंगिक: देवनानी
सुनील शर्मा

04 अक्टूबर 2025, 08:06 PM — जयपुर।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शनिवार को लंदन में स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मारक “अंबेडकर हाउस” का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भवन के भूतल पर स्थापित डॉ. अंबेडकर की कांस्य प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और बाबा साहेब को श्रद्धांजलि दी।
लगभग एक घंटे तक संग्रहालय में रुककर देवनानी ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके अध्ययन काल और सामाजिक न्याय से जुड़ी गतिविधियों से संबंधित दुर्लभ साहित्य और दस्तावेजों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह स्थल न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है, जहाँ से डॉ. अंबेडकर ने अपने महान विचारों को आकार दिया।
देवनानी ने बताया कि बाबा साहेब ने इसी मकान में रहकर लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में प्रवेश लिया था और यहीं से उन्होंने सामाजिक न्याय, आर्थिक नीति तथा भारतीय समाज की व्यवस्थाओं पर अपने शोध कार्य पूरे किए। उन्होंने कहा कि अंबेडकर हाउस आज भी शिक्षा, समानता और न्याय के सिद्धांतों का जीवंत प्रतीक है।
विधानसभा अध्यक्ष ने विजिटर बुक में लिखा कि “बाबा साहेब के आदर्शों को समर्पित यह स्मारक भारतीयों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी और गौरवपूर्ण स्थल है। उनके विचार आज भी विश्वभर में सामाजिक समरसता और मानव अधिकारों के संरक्षण की दिशा में मार्गदर्शन देते हैं।”
देवनानी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने शिक्षा और समान अवसरों के माध्यम से समाज में परिवर्तन लाने का जो संदेश दिया, वह आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात कर देश के सामाजिक और आर्थिक विकास में योगदान दें।
लंदन में उनके साथ भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों ने भी अंबेडकर हाउस में उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों पर चर्चा की।