विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा – संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति नहीं, सकारात्मक सुझाव दें विपक्ष
01 सितम्बर 2025, | जयपुर , नरेश गुनानी। टेलीग्राफ टाइम्स
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को सर्वदलीय बैठक में आकर अपने प्रस्ताव रखने चाहिए थे। उन्होंने बताया कि सर्वदलीय बैठक का उद्देश्य पक्ष और प्रतिपक्ष दोनों दलों के सदस्यों द्वारा दिए गए विभिन्न प्रस्तावों पर मंथन करना और उन्हें सदन की कार्यवाही में शामिल करना होता है।
देवनानी ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सर्वदलीय बैठक में भाग नहीं लिया और सोमवार को सदन की कार्यवाही बाधित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि झालावाड़ विद्यालय सहित हाल ही में विभिन्न विद्यालयों में हुई घटनाओं से संबंधित सभी प्रस्ताव शिक्षा विभाग से मंगवाए गए हैं और इन्हें उचित समय पर सदन में प्रस्तुत कर कार्यवाही की जाएगी।
अध्यक्ष ने कहा कि झालावाड़ विद्यालय जैसी घटनाओं को लेकर राज्य सरकार और सभी जनप्रतिनिधि शोकग्रस्त परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर विपक्ष को राजनीति नहीं करनी चाहिए, बल्कि सकारात्मक सुझाव लेकर आगे आना चाहिए ताकि सदन की कार्यवाही सुचारू और निर्बाध रूप से चल सके और जनता की अपेक्षाओं को पूरा किया जा सके।

