विद्यार्थियों ने देखी विधानसभा की कार्यवाही — लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं को समझा
04 सितम्बर 2025, सुनील शर्मा। टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर, 04 सितम्बर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पहल पर सीकर के विद्यार्थियों ने गुरुवार को विधानसभा की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखा। इस अवसर पर विद्यार्थियों को विधानसभा की कार्यप्रणाली और संसदीय परंपराओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की गरिमा और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों से सवाल किया कि “कौन विधायक बनना चाहता है”, जिस पर सभी विद्यार्थियों ने हाथ उठाकर सहमति जताई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा भवन के ऐतिहासिक पीतल गेट पर अध्यक्ष देवनानी के साथ सामूहिक फोटो लिया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अनुभव विद्यार्थियों के लिए बेहद प्रेरणादायक और शिक्षाप्रद रहा।
इस पहल से विद्यार्थियों को लोकतंत्र के वास्तविक स्वरूप को नजदीक से देखने और समझने का अवसर मिला, जो उनके व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की दिशा तय करने में सहायक होगा।