विकृतियों का समाधान संस्कार है – वासुदेव देवनानी
गोयनका ट्रस्ट का रिकग्निशन सम्मान समारोह 2025, जड़ों से जुड़े रहें – यह राजस्थान हमारा है
न्यूज़ रिपोर्ट – मुस्कान तिवारी | संपादन – नरेश गुनानी | टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर, 22 अगस्त 2025।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि “सनातन है तो हम हैं और सनातन नहीं है तो हम भी नहीं होंगे। जीवन्तता में ही जीवन है और विकृतियों का समाधान संस्कारों से होगा।” उन्होंने कहा कि समाज केवल इमारतों और सड़कों से नहीं बनता, बल्कि मानवीय मूल्यों, सेवा और परंपराओं को जीवित रखना भी उतना ही आवश्यक है।
देवनानी शुक्रवार को फतहपुर शेखावाटी में आयोजित गोयनका रिकग्निशन सम्मान समारोह 2025 को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने समाज सेवा, व्यापार, कला, विज्ञान, खेल, शिक्षा, साहित्य और स्वास्थ्य जैसे विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले गोयनका समुदाय के प्रतिभावान व्यक्तित्वों को सम्मानित किया।
समारोह का शुभारंभ
देवनानी ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर उनका स्वागत विशाल माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर किया गया। उन्होंने कहा कि गोयनका ट्रस्ट द्वारा आरंभ की गई सम्मान परंपरा उन विभूतियों को पहचान दे रही है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देकर समाज को नई दिशा दी है।
गोयनका परिवार ने बढ़ाया शेखावाटी का मान
देवनानी ने कहा कि गोयनका परिवार ने शेखावाटी की धरा का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि “जन्मस्थली को कभी नहीं भूलना चाहिए। जो लोग अपनी जड़ों से अलग हो जाते हैं, वे हरे-भरे नहीं रह पाते। हम कहीं भी रहें, यह राजस्थान हमारा है।”
उन्होंने आगे कहा कि व्यापार जीवन का अभिन्न अंग है, लेकिन अपनी जन्मभूमि के लिए सेवा करना हमारी संस्कृति और सामाजिक जिम्मेदारी है।
प्रेरणा बनेगी यह परंपरा
देवनानी ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि यह समारोह केवल सम्मान का नहीं बल्कि संस्कृति के उत्सव का प्रतीक है। यह गोयनका संगम आने वाली पीढ़ियों को जोड़ने वाला सेतु है। सेवा, उद्यम और संस्कृति की यह परंपरा भविष्य के लिए प्रेरणा और ऊर्जा का स्रोत रहेगी।
भारत का सम्मान विश्वभर में बढ़ा
देवनानी ने कहा कि “21वीं शताब्दी भारत की होगी” यह भविष्यवाणी आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार हो रही है। भारत का सम्मान पूरे विश्व में लगातार बढ़ रहा है और हर क्षेत्र में देश सफलता की नई ऊँचाइयाँ छू रहा है।
सालासर धाम में दर्शन
देवनानी ने शुक्रवार को सालासर धाम पहुँचकर बालाजी के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मंदिर प्रबंधन की ओर से उनका स्वागत दुपट्टा, माला और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
दिल्ली यात्रा पर जाएंगे
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी शनिवार से तीन दिवसीय यात्रा पर दिल्ली जाएंगे। वे दिल्ली विधानसभा में आयोजित अखिल भारतीय विधानसभा अध्यक्ष सम्मेलन में भाग लेंगे। उनका सोमवार सांय जयपुर लौटने का कार्यक्रम है।