विकास नगर विकास समिति की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण संपन्न; सालासर महंत ने दिलाई शपथ
पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ और भव्य पौषबड़ा महोत्सव के साथ भक्तिमय हुआ आयोजन
| योगेश शर्मा
जयपुर। मुरलीपुरा के विकास नगर स्थित श्री राधा गोविंद शिव मंदिर में रविवार को त्रिवेणी संगम सा नजारा देखने को मिला। अवसर था विकास नगर विकास समिति की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह, पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ और भव्य पौषबड़ा महोत्सव का। यह पूरा आयोजन श्री सालासर बालाजी के महंत डॉ. विष्णुदत्त शर्मा (पुजारी) के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ।
निष्ठा और सेवा भाव की ली शपथ
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान महंत डॉ. विष्णुदत्त शर्मा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संस्था की नवीन कार्यकारिणी का मुख्य ध्येय बिना किसी भेदभाव के सेवा भाव से सर्वांगीण विकास करना होना चाहिए।
शपथ लेने वाले प्रमुख पदाधिकारी:
अध्यक्ष पन्ना लाल तंवर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगवाना राम चौधरी, उपाध्यक्षगण हरदयाल सिंह शेखावत, भागीरथ यादव व विक्रम सिंह राठौड़, संरक्षक सनेर सिंह डांगी, मंत्री ओम प्रकाश शर्मा, संयुक्त मंत्री भंवर सिंह नाथावत, संगठन मंत्री रघुनाथ सिंह राठौड़, कोषाध्यक्ष सुल्तान सिंह धन्धेरुवा, उप कोषाध्यक्ष श्रवण कुमार बुनकर, विधि सलाहकार महेंद्र सॉकरिया, प्रेस सलाहकार महेंद्र भोमिया, मंदिर समिति अध्यक्ष शिव कुमार माहेश्वरी, संयोजक मनोज पारीक, कोषाध्यक्ष मुकेश जांगिड़ और महिला प्रकोष्ठ प्रभारी सुनीता साबू सहित पूरी कार्यकारिणी ने ईमानदारी और समर्पण से कार्य करने का संकल्प लिया।
पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ से विश्व कल्याण की कामना
मनु महाराज के सान्निध्य में आयोजित पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ आकर्षण का केंद्र रहा। इसमें बड़ी संख्या में कॉलोनी के युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने आहुतियां अर्पित कीं। श्रद्धालुओं ने मंत्रोच्चार के बीच विश्व शांति, समाज की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की।
महंत का सम्मान और भजन संध्या
कार्यक्रम के दौरान समिति के अध्यक्ष पन्ना लाल तंवर, मंत्री ओम प्रकाश शर्मा, कोषाध्यक्ष सुल्तान सिंह और मंदिर महंत श्याम सुंदर चतुर्वेदी ने मुख्य अतिथि डॉ. विष्णुदत्त शर्मा का साफा पहनाकर भव्य अभिनंदन किया। इस अवसर पर संगीतमय श्री हनुमान चालीसा पाठ और भजन संध्या का भी आयोजन हुआ, जिसमें भक्त भाव-विभोर होकर झूम उठे।
हजारों श्रद्धालुओं ने लिया पौषबड़ा प्रसाद
शाम 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक आयोजित पौषबड़ा महोत्सव में जनसैलाब उमड़ पड़ा। कॉलोनीवासियों और बाहर से आए हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर गर्मागर्म पौषबड़ों का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने व्यवस्थाएं संभालते हुए इस उत्सव को भव्यता प्रदान की।

