जयपुर/केकड़ी, 11 जुलाई / नरेश गुनानी/मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को अजमेर जिले के केकड़ी का दौरा कर क्षेत्र को लगभग 880 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने और अगली पीढ़ी के लिए मजबूत बुनियादी ढांचे के निर्माण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। प्रदेश की डबल इंजन सरकार धरातल पर काम कर आमजन के जीवन को सुगम बना रही है। पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर रोडमैप बनाकर किए जा रहे कार्यों का असर अब धरातल पर साफ दिखने लगा है।
अजमेर के केकड़ी में आयोजित विशाल लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने नसीराबाद-सरवाड़-केकड़ी-देवली फेज-प्रथम फोर लेन सड़क का शिलान्यास किया।
ढाई साल में सड़कों का जाल और पानी-बिजली पर ऐतिहासिक काम
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर का ब्योरा देते हुए बताया कि पिछले ढाई वर्षों में राजस्थान में 33 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से लगभग 49 हजार किलोमीटर लंबी सड़कों का विकास करवाया गया है। इसके साथ ही 18 हजार किलोमीटर लंबी नई सड़कों का निर्माण हुआ है और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3 हजार किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों का उन्नयन, सुदृढ़ीकरण व नवीनीकरण किया गया है। रेल नेटवर्क और नए एयरपोर्ट्स के जरिये प्रदेश विकास की नई उड़ान भर रहा है।
पानी को राज्य की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रमुख जल परियोजनाओं पर फोकस करते हुए हर व्यक्ति तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। इसी क्रम में राम जलसेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता और देवास परियोजना जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पर प्रमुखता से कार्य करके दिखाया गया है।
चार प्रमुख जातियों का सर्वांगीण विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चार प्रमुख जातियों— किसान, मजदूर, महिला और युवा के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर काम कर रही है।
- किसानों व पशुपालकों के लिए: किसान सम्मान निधि की राशि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया गया है, जिसे आने वाले समय में 12 हजार रुपये प्रतिवर्ष किया जाएगा। किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करवाने के साथ बिलों में अनुदान दिया जा रहा है। राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण योजना के तहत पशुपालकों को 1 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण और मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के माध्यम से 22 लाख से अधिक बीमा पॉलिसी की जा चुकी हैं।
- युवाओं को रोजगार: युवाओं को सशक्त बनाने के लिए अब तक 1 लाख 78 हजार पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं और 1 लाख से अधिक पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख युवाओं को रोजगार मिला है। डेयरी क्षेत्र में ग्रामीण युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल रहा है।
- महिला सशक्तिकरण: महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ की श्रेणी में लाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया जा रहा है।
डबल इंजन सरकार से बढ़ रही विकास की रफ्तार
लोकार्पण समारोह में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यों से प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए मुख्यमंत्री लगातार कार्य कर रहे हैं और राजस्थान रिफाइनरी जैसे विश्व स्तरीय प्रोजेक्ट का लोकार्पण इसी सकारात्मक सोच का परिणाम है।
वहीं सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि यमुना के पानी को राजस्थान की धरती पर लाना मुख्यमंत्री का भगीरथी प्रयास है, जिसका सीधा लाभ शेखावाटी की जनता को मिलेगा। सड़क तंत्र को मजबूत बनाने के साथ ही प्रदेश का बिजली उत्पादन में सरप्लस होना सरकार की बड़ी उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत और पौधारोपण
केकड़ी पहुंचने पर मुख्यमंत्री का आमजन द्वारा भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री ने हेलीपैड के पास राजकीय महाविद्यालय में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद कृषि उपज मंडी कार्यक्रम स्थल जाते समय मार्ग में विभिन्न स्थानों पर जनता ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इन प्रमुख विकास कार्यों का हुआ शिलान्यास और लोकार्पण:
प्रमुख शिलान्यास कार्य:
- नसीराबाद-सरवाड़-केकड़ी-देवली फेज-प्रथम फोर लेन सड़क।
- सिंगावल, गोपालपुरा, भिनाय, टांटोटी रोड, डबरेला एमडीआर सड़क।
- केरोट, जैतपुरा, चांवड़िया, पाडलिया, नागोल, बडला, रघुनाथगढ़, रामालिया, टांटोटी, केबानिया, भटियानी तक की सड़क का सुदृढ़ीकरण और चौड़ाईकरण।
- हरपुरा, कुमारिया, हिंगोनिया, लल्लाई, भांटोलाव, सरवाड़, जडाना, खांडरा, सांतोलाव, केरियाखुर्द, नागोला सड़क।
- दतोब, भादू का खेड़ा, कुहाड़ा, कनोज, लसाड़िया, एकलसिंहा, केकड़ी सड़क।
- धुंवालिया, एकलसिंहा, मेवदाकलां, रूपनिवास, सलारी, तसवारिया, मोलकिया, कालेड़ा, फारकिया, भंराई, प्रान्हेड़ा, सांपला सड़क।
- केकड़ी नगरपालिका के विभिन्न वार्डों में सीसी सड़क तथा क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में कमरों का निर्माण।
प्रमुख लोकार्पण कार्य:
- राजकीय आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा एकीकृत महाविद्यालय भवन।
- केकड़ी, सरवाड़, नसीराबाद, सावर, देवली सड़क का उन्नयन।
- केकड़ी क्षेत्र में पुलिया और सड़क निर्माण सहित अन्य विकास कार्य।
गरमामयी उपस्थिति:
इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, विधायक शत्रुघन गौतम, शंकर सिंह रावत, रामस्वरूप लाम्बा, गोपी चंद मीणा, राजेन्द्र गुर्जर एवं वीरेन्द्र सिंह कानावत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और भारी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।