विकास की दौड़ में जयपुर का दबदबा: गरीबी मुक्त गांव और स्वच्छ भारत मिशन सहित कई श्रेणियों में प्रदेश में प्रथम
| नरेश गुनानी
जयपुर | 14 मार्च, 2026 मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विजन और जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी की सक्रिय मॉनिटरिंग का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। फ्लेगशिप योजनाओं और बीस सूत्री कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के मामले में जयपुर जिला प्रदेश भर में अव्वल बनकर उभरा है। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिले की इन शानदार उपलब्धियों का ब्यौरा साझा किया गया।
इन क्षेत्रों में जयपुर ने गाड़े सफलता के झंडे
मुख्य आयोजना अधिकारी डॉ. सुदीप कुमावत द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, जयपुर जिले ने कई महत्वपूर्ण पैमानों पर राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया है:
- पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना: इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में जयपुर जिला राजस्थान में प्रथम स्थान पर रहा है।
- स्वच्छ भारत मिशन (शहरी): सॉलिड वेस्ट के प्राइमरी कलेक्शन और जीवीपी (GVP) रिमूवल के क्षेत्र में जिले ने 100% लक्ष्य हासिल कर राज्य में शीर्ष स्थान पाया है।
- स्वास्थ्य सेवाएं: प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत ‘क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल’ श्रेणी में भी जयपुर जिला प्रदेश में नंबर वन रहा है।
महिला सशक्तिकरण और कृषि योजनाओं में शत-प्रतिशत उपलब्धि
बीस सूत्री कार्यक्रम के तहत जयपुर ने सामाजिक और आर्थिक विकास के मोर्चे पर भी मिसाल पेश की है:
- सखी कार्यक्रम: बैंक सखी, कृषि सखी और पशु सखी कार्यक्रमों में जिले ने निर्धारित लक्ष्यों को 100% पूर्ण कर लिया है।
- विभागीय प्रदर्शन: महिला एवं बाल विकास विभाग तथा ऊर्जा विभाग ने राज्य स्तर से मिले सभी लक्ष्यों को समय रहते हासिल किया है।
- ब्लॉक हेल्थ यूनिट: इस श्रेणी में जिले ने राज्य में द्वितीय रैंक हासिल की है, जबकि पिंक टॉयलेट निर्माण में भी जयपुर शीर्ष तीन जिलों में शामिल है।
ऊर्जा और सिंचाई क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति
प्रधानमंत्री कुसुम योजना और संशोधित वितरण क्षेत्र योजना के तहत 33 केवी एवं 11 केवी फीडर बिफरकेशन के कार्य में जयपुर राजस्थान के शीर्ष 5 जिलों में शुमार है। वहीं, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में भी जिले की प्रगति सराहनीय रही है।
पंच गौरव योजना: ‘कबड्डी’ और ‘उपज’ पर विशेष ध्यान
बैठक में ‘पंच गौरव योजना’ की भी समीक्षा की गई। इसके तहत जयपुर में:
- एक जिला-एक खेल: कबड्डी को खेल के रूप में प्रोत्साहित किया जा रहा है।
- एक जिला-एक उपज: किसानों को उनकी विशेष उपज के प्रति जागरूक कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास जारी हैं।
कलक्टर डॉ. सोनी के निर्देश: “लक्ष्यों में सुधार करें”
जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने अधिकारियों की पीठ थपथपाते हुए कहा कि जहां सफलता मिली है वह सराहनीय है, लेकिन जिन योजनाओं में अभी प्रगति कम है, वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर सुधार किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित होना चाहिए।
