विकसित राजस्थान का संकल्प: आमेर महल में जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के नेतृत्व में चला वृहद स्वच्छता अभियान

| नरेश गुनानी

जयपुर। 24 दिसंबर, 2025

राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी में बुधवार को जयपुर के ऐतिहासिक आमेर महल परिसर में “पंच गौरव” कार्यक्रम के तहत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी की अगुवाई में जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान कर ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।

​मावठे की पाल पर किया गया श्रमदान

​स्वच्छता अभियान के दौरान जिला कलक्टर के नेतृत्व में अधिकारियों ने आमेर महल क्षेत्र स्थित मावठे की पाल पर व्यापक स्तर पर सफाई की। इस दौरान टीम ने प्लास्टिक कचरा, गंदगी और अन्य अपशिष्ट सामग्रियों को हटाकर परिसर को सुंदर बनाया। अधिकारियों ने स्वयं श्रमदान कर पर्यटकों और आमजन को यह संदेश दिया कि सुशासन और जनभागीदारी के माध्यम से ही ‘विकसित राजस्थान’ के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

​शपथ दिलाकर स्वच्छता को बनाया जन आंदोलन

​कार्यक्रम के दौरान डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने आह्वान किया कि स्वच्छता को मात्र एक अभियान नहीं बल्कि एक संस्कार और जन आंदोलन के रूप में अपनाया जाना चाहिए।

​पर्यटन को बढ़ावा और पर्यावरण संरक्षण

​अतिरिक्त जिला कलक्टर ने इस अवसर पर कहा कि आमेर महल जैसे विश्व विख्यात पर्यटन स्थलों का सौंदर्यीकरण राज्य की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे ऐतिहासिक विरासतों की गरिमा और सफाई बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

​“पंच गौरव” के तहत आदर्श मॉडल का विकास

​यह अभियान पंच गौरव कार्यक्रम की भावना के अनुरूप आयोजित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य जिले के चयनित प्रमुख स्थलों को स्वच्छता और प्रबंधन के मामले में एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करना है। भविष्य में भी जिला प्रशासन द्वारा ऐसे जागरूकता अभियानों के माध्यम से जन सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

​इन अधिकारियों की रही मौजूदगी

​अभियान में अतिरिक्त जिला कलक्टर विनीता सिंह, आशीष कुमार, युगांतर शर्मा, उपखंड अधिकारी राजेश जाखड़, अरुण कुमार, बजरंग लाल स्वामी, उपनिदेशक पर्यटन विभाग उपेन्द्र सिंह शेखावत सहित नगर निगम के अनेक अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related