विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’: राजस्थान में 50 हजार से अधिक युवाओं ने कराया पंजीकरण, राज्य स्तरीय प्रेस वार्ता में दी गई विस्तृत जानकारी

जयपुर/ नरेश गुनानी/स्वामी विवेकानंद की जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव को इस बार केंद्र सरकार नए और व्यापक स्वरूप में प्रस्तुत करने जा रही है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027’ का राष्ट्रव्यापी आयोजन शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य देश के युवाओं के नवाचारों, शोध-परक विचारों और नेतृत्व क्षमता को सीधे नीति-निर्धारण से जोड़ना है। इस पहल के तहत राजस्थान में अब तक 50,000 से अधिक युवा ‘माय भारत’ पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा चुके हैं।

​मंगलवार को आयोजित राज्य स्तरीय प्रेस वार्ता में ‘माय भारत’ राजस्थान के राज्य निदेशक देवेंद्र व्यास ने कार्यक्रम की रूपरेखा और चयन प्रक्रिया का विवरण साझा किया। इस अवसर पर पत्र सूचना कार्यालय (PIB) के सहायक निदेशक अमित कनौजिया भी उपस्थित रहे।

​राज्य निदेशक देवेंद्र व्यास ने बताया कि विभाग के जिला युवा अधिकारी और माय भारत स्वयंसेवक प्रदेश के सभी जिलों में स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में जाकर युवाओं को इस अभियान से जोड़ रहे हैं। इस जन-जागरूकता अभियान के फलस्वरूप प्रदेश भर में युवाओं का उत्साहजनक रुझान देखने को मिल रहा है।

​पात्रता और पंजीकरण प्रक्रिया

17 अगस्त 2026 को 15 से 29 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले देश के सभी युवा इस राष्ट्रव्यापी प्रतियोगिता में निःशुल्क भाग ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागियों को आधिकारिक पोर्टल mybharat.gov.in पर जाकर ‘Register Now’ विकल्प के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। मोबाइल नंबर या ईमेल पर प्राप्त ओटीपी सत्यापन और सामान्य विवरण दर्ज कर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। पूर्व से पंजीकृत युवा सीधे लॉगिन कर डिजिटल क्विज़ में शामिल हो सकते हैं।

​त्रि-स्तरीय चयन प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तिथियां

​युवाओं के चयन के लिए त्रि-स्तरीय पारदर्शी व्यवस्था निर्धारित की गई है:

  • ​प्रथम चरण (डिजिटल क्विज़): 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन क्विज़ आयोजित किया जा रहा है।
  • ​द्वितीय चरण (निबंध प्रतियोगिता): क्विज़ के शीर्ष 10 प्रतिशत प्रतिभागी (अधिकतम 4 लाख तक) दूसरे चरण के लिए अर्हता प्राप्त करेंगे। इन्हें निर्धारित विषयों पर 500 शब्दों का निबंध 5 से 19 अक्टूबर 2026 के मध्य ऑनलाइन जमा करना होगा।
  • ​तृतीय चरण (जिला स्तरीय प्रेजेंटेशन): प्रत्येक जिले से चयनित शीर्ष 50 निबंधकारों के बीच 10 से 16 नवंबर 2026 तक जिला स्तरीय पीपीटी प्रेजेंटेशन राउंड आयोजित होगा।
  • ​राज्य स्तरीय प्रतियोगिता: प्रत्येक जिले के शीर्ष दो विजेता प्रतिभागी 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 के मध्य राज्य स्तरीय VBYLD में हिस्सा लेंगे। यहाँ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों से राज्य की टीम गठित होगी।
  • ​राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले: राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागी 10 से 12 जनवरी 2027 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले में देश के शीर्ष नीति-निर्माताओं और विषय विशेषज्ञों के समक्ष अपने विज़न और विचार प्रस्तुत करेंगे।

​पांच अन्य प्रमुख ट्रैक्स भी शामिल

​विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के अलावा युवाओं की बहुआयामी प्रतिभा को मंच देने के लिए पाँच अन्य श्रेणियां जोड़ी गई हैं:

  1. ​सांस्कृतिक ट्रैक: समूह लोक नृत्य, समूह लोक गीत, चित्रकला, भाषण और काव्य पाठ जैसी विधाओं से युक्त त्रि-स्तरीय प्रतियोगिता।
  2. ​डिजाइन फॉर भारत: देश की वास्तविक चुनौतियों के नवाचारी समाधान तैयार करने का मंच।
  3. ​हैक फॉर सोशल कॉज: सामाजिक सरोकारों से जुड़ी समस्याओं पर तकनीकी नवाचार।
  4. ​यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज: युवा उद्यमियों के स्टार्टअप मॉडल्स को प्रोत्साहित करने हेतु विशेष ट्रैक।
  5. ​एकीकृत युवा संसद: लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की समझ और नीति-विमर्श को बढ़ावा देने के लिए आयोजन।

​आयोजकों ने प्रदेश के सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे समय रहते पोर्टल पर पंजीकरण कर इस राष्ट्रीय विमर्श में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र: सड़कों के विकास के लिए 4.24 करोड़ रुपये की सौगात, विधानसभा अध्यक्ष के प्रयासों को मिली गति

अजमेर/ नरेश गुनानी/राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के निरंतर...

प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना: नागौर जिले ने पूरे देश में हासिल किया दूसरा स्थान, नई दिल्ली में हुआ सम्मान

नागौर/ नरेश गुनानी/प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत नागौर...