17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले भर में आयोजित होंगे रक्तदान शिविर और जनजागरूकता कार्यक्रम; थीम रखी गई “One Drop of Humanity- Give Blood- Save Lives”।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने राजकीय सैटेलाइट अस्पताल, किशनपोल में स्वयं रक्तदान कर नागरिकों को वर्ष में कम से कम दो बार रक्तदान का दिया संदेश।
पीएचसी, सीएचसी से लेकर मेडिकल कॉलेजों तक उपलब्ध होगी ब्लड ग्रुप जांच और स्वैच्छिक रक्तदाता पंजीकरण की सुविधा; 1 अक्टूबर को मनेगा राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस।
जयपुर।/ नरेश गुनानी/विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत राजधानी में गुरुवार से एक माह तक चलने वाले विशेष स्वैच्छिक रक्तदान अभियान और जनजागरूकता पखवाड़े का भव्य आगाज हुआ। 17 सितंबर से शुरू हुआ यह अभियान आगामी 17 अक्टूबर, 2026 तक संचालित होगा। अभियान के पहले ही दिन जिले भर में नागरिकों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 567 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। इस वर्ष राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस की थीम “One Drop of Humanity- Give Blood- Save Lives” (मानवता की एक बूंद- रक्तदान करें, जीवन बचाएं) तय की गई है।
जिला कलक्टर ने रक्तदान कर दिया मानवता का संदेश
अभियान की शुरुआत के मौके पर जिला कलक्टर संदेश नायक ने किशनपोल स्थित राजकीय सैटेलाइट चिकित्सालय पहुंचकर स्वयं रक्तदान किया। इस दौरान उन्होंने आमजन को प्रेरित करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है। आपके द्वारा दान की गई रक्त की एक बूंद किसी गंभीर मरीज या दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को नया जीवन दे सकती है। उन्होंने युवाओं और स्वस्थ नागरिकों से वर्ष में कम से कम दो बार नियमित रक्तदान करने का आह्वान किया। किशनपोल सैटेलाइट अस्पताल में आयोजित शिविर में 62 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ, वहीं जिले के अन्य केंद्रों को मिलाकर पहले दिन का कुल आंकड़ा 567 यूनिट पहुंच गया।
ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक चलेंगी जागरूकता गतिविधियां
अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया गया कि पूरे माह ब्लॉक और जिला स्तर पर स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं अन्य हितधारकों की सक्रिय सहभागिता से विशेष शिविर व संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। इसके तहत:
- जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों (PHC), सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों (CHC), उप-जिला चिकित्सालयों, जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज से संबद्ध ब्लड सेंटरों पर नागरिकों के लिए निःशुल्क ब्लड ग्रुप जांच की विशेष सुविधा दी जाएगी।
- रक्तदाताओं का स्वैच्छिक डाटाबेस तैयार करने के लिए पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा, ताकि आपात स्थिति में जरूरतमंदों को तत्काल रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
- ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भ्रांतियों को दूर कर युवाओं को पहली बार रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
1 अक्टूबर को विशेष स्तर पर मनेगा राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस
अभियान के अंतर्गत 1 अक्टूबर, 2026 को राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस वृहद स्तर पर मनाया जाएगा। इस विशेष दिन सभी राजकीय एवं निजी अस्पतालों, मेडिकल शिक्षण संस्थानों तथा अधिकृत ब्लड बैंकों में वृहद रक्तदान शिविर, सेमिनार और सम्मान समारोह आयोजित होंगे। इसमें विशेष रूप से पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं, महिला स्वयं सहायता समूहों और सामुदायिक संगठनों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रशासनिक अधिकारी एवं खेल जगत की हस्तियां रहीं मौजूद
किशनपोल चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संभागीय आयुक्त जयपुर वे. सरवण कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर (जयपुर शहर उत्तर) राजेंद्र सिंह, सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत, ओलंपियन गोपाल सैनी सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ तथा स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया और उन्हें प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।