विकसित भारत की मजबूत नींव रखने वाला बजट 2026-27: सर्वसमावेशी, सर्वस्पर्शी और दूरदर्शी — राजस्व मंत्री हेमंत मीणा
| नरेश गुनानी
प्रतापगढ़/जयपुर, 2 फरवरी 2026 राजस्व मंत्री हेमत मीणा ने सोमवार को प्रतापगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय बजट 2026-27 को देश के हर नागरिक के सपनों और आकांक्षाओं को उड़ान देने वाला बजट बताया। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार 9वीं बार प्रस्तुत किया गया यह बजट भारत के संसदीय इतिहास का गौरवपूर्ण क्षण है, जो ‘विकसित भारत’ के संकल्प को ठोस आधार प्रदान करता है।
’GYAN’ मॉडल पर केंद्रित विकास की राह
राजस्व मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह बजट सरकार की GYAN प्राथमिकता यानी गरीब (G), युवा (Y), अन्नदाता (A) और नारी शक्ति (N) को आत्मनिर्भर बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
- नारी शक्ति: मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाएं अब केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि भारत की ‘ग्रोथ इंजन’ हैं। बजट में हर जिले में महिला छात्रावास, केयरगिवर्स का प्रशिक्षण और महिला उद्यमियों के लिए विशेष SME ग्रोथ फंड का प्रावधान किया गया है।
- अन्नदाता (किसान): कृषि क्षेत्र में ‘भारत-विस्तार’ AI टूल, उच्च मूल्य वाली फसलों को प्रोत्साहन और राष्ट्रीय फाइबर योजना के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति दी गई है।
- युवा शक्ति: युवाओं के लिए एआई (AI), रोबोटिक्स और ग्रीन टेक्नोलॉजी में प्रशिक्षण के साथ-साथ MSME ग्रोथ फंड के जरिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर सृजित किए गए हैं।
मध्यम वर्ग को बड़ी राहत और नवाचार को बढ़ावा
बजट में मध्यम वर्ग की सहूलियत और देश की तकनीकी प्रगति के लिए क्रांतिकारी कदम उठाए गए हैं:
- वित्तीय सुगमता: दवाओं पर सीमा शुल्क में कटौती, TDS प्रक्रिया का सरलीकरण और विदेश यात्रा पर TCS में कमी जैसे निर्णयों से मध्यम वर्ग को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
- तकनीकी आत्मनिर्भरता: सेमीकंडक्टर, केमिकल पार्क और रक्षा क्षेत्र में किए गए प्रावधान भारत को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अग्रणी बनाएंगे।
- स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचा: स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार और शहरी विकास के लिए बजट में विशेष रोडमैप तैयार किया गया है।
विजन डॉक्यूमेंट के रूप में बजट
हेमंत मीणा ने जोर देकर कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करने वाला एक ‘विजन डॉक्यूमेंट’ है। यह बजट खादी, हस्तशिल्प और विमानन जैसे क्षेत्रों को मजबूती प्रदान कर भारत को वैश्विक शक्ति बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है।
प्रेस वार्ता में उपस्थिति
इस अवसर पर प्रशासनिक और नीतिगत समन्वय को दर्शाते हुए जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर विजयेश कुमार पंड्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

