वर्षाजनित परिस्थितियों को लेकर अलर्ट मोड पर जयपुर जिला प्रशासन
जयपुर, 2 सितम्बर। नरेश गुनानी। टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के निर्देश पर प्रशासनिक स्तर पर चौकस व्यवस्थाएँ की गई हैं।
जिला प्रशासन की ओर से 40 से अधिक टीमें फील्ड में तैनात की गई हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में हालात पर निगरानी रख रही हैं। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी मैदानी क्षेत्रों में सक्रियता से काम करें।
डॉ. सोनी स्वयं लगातार हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने सोमवार को ग्रामीण इलाकों का दौरा किया और बस्सी, तुंगा तथा कोटखावदा में जाकर हालातों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बारिश की स्थिति, जलभराव वाले क्षेत्रों की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।
सभी उपखंड अधिकारी, तहसीलदार और विकास अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में फील्ड विज़िट कर हालातों का निरीक्षण कर रहे हैं। लो-लाइन एरिया, जलभराव प्रभावित कॉलोनियों और रपट वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्यों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाएँ मजबूत की हैं। आवश्यक संसाधनों जैसे पंप सेट, नाव, रेस्क्यू टीम और मेडिकल सुविधाओं को तैयार रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
डॉ. सोनी ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से सजग है और जनता को सुरक्षित रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।