वरिष्ठ कार्यालय सहायक ओमप्रकाश शर्मा सेवानिवृत्त
अजमेर/पुष्कर, 29 अगस्त 2025। रिपोर्ट हरि प्रसाद शर्मा पुष्कर।संपादन नरेश गुनानी। टेलीग्राफ टाइम्स
सार्वजनिक निर्माण विभाग, अजमेर में वरिष्ठ कार्यालय सहायक पद पर कार्यरत ओमप्रकाश शर्मा शुक्रवार को अपनी 35 वर्षीया सेवाओं के उपरांत सेवानिवृत्त हो गए। पुष्कर निवासी शर्मा ने अपने लंबे कार्यकाल में निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और उत्कृष्ट कार्यशैली से अनेक उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित कीं। विभाग ने उनके योगदान को यादगार बताया और कहा कि उनकी सेवाएं सदैव प्रेरणा देती रहेंगी।
विभागीय सम्मान समारोह
शुक्रवार को सार्वजनिक निर्माण विभाग, अजमेर के कार्यालय परिसर में एक सादे किंतु भावनापूर्ण समारोह का आयोजन हुआ। इस अवसर पर शर्मा को प्रशस्ति पत्र और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा सहकर्मियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके कार्य की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद एवं सक्रिय सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएँ दीं।
पुष्कर में स्वागत और पूजा-अर्चना
सेवानिवृत्ति के बाद ओमप्रकाश शर्मा पुष्कर पहुंचे, जहां उन्होंने पवित्र पुष्कर सरोवर में पूजा-अर्चना की। उनके निवास केसर विला पर स्वागत समारोह का आयोजन हुआ। इस अवसर पर गांधीवादी चिंतक एवं लेखक जनार्दन शर्मा, शिक्षाविद पंडित केदारदत्त शर्मा, सत्यनारायण शर्मा, दधीमति माता मंदिर के पुजारी महेश कुमार पाराशर, पत्रकार हरिप्रसाद शर्मा, शिक्षाविद श्रीमती हरिइच्छा पाराशर, श्रीमती अर्चना शर्मा, हर्ष संदीपा पाराशर, प्रीति निशान्त पाराशर, चार्विक अद्वैत पाराशर सहित परिजन एवं गणमान्य लोगों ने उनका फूल-मालाओं, शाल और साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया।
सेवाओं को दी श्रद्धांजलि स्वरूप विदाई
ओमप्रकाश शर्मा के सहयोगियों और परिजनों ने उन्हें उनकी दीर्घकालीन सेवाओं और विभाग के विकास में योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। मौके पर उपस्थित सभी ने कहा कि शर्मा की ईमानदारी और कार्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनी रहे हैं।