वन राज्यमंत्री ने जयसमंद बांध व सिलीसेढ झील का किया दौरा
चैनलों की डीपीआर तैयार करने व सुरक्षा प्रबंध मजबूत करने के दिए निर्देश
अलवर , 2 सितम्बर। नरेश गुनानी।टेलीग्राफ टाइम्स
वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने मंगलवार को अलवर जिले के जयसमंद बांध और सिलीसेढ झील का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल आवक, सुरक्षा प्रबंध और चैनलाइजेशन से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अलवर जिला कलक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला और सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
राज्यमंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जयसमंद बांध तक पानी की आवक वाले चैनल नटनी का बारा से जयसमंद तक की बजट घोषणा के अनुरूप खुदाई, लेवलिंग और पक्का करने से संबंधित कार्य की विस्तृत डीपीआर तैयार की जाए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सिलीसेढ झील से ओवरफ्लो होकर आने वाले पानी को अपर कैनाल के माध्यम से जयसमंद बांध तक लाने वाले चैनल की खुदाई व चैनलाइजेशन का प्रस्ताव भी शीघ्र तैयार किया जाए।

उन्होंने जल भराव और प्रवाह क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा गार्ड तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही बख्तपुरा वन चौकी में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिला कलक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला ने वेस्ट वीयर चैनल क्षेत्र में तेज बहाव को देखते हुए सिविल डिफेंस के सुरक्षा गार्ड तैनात करने और पुलिस द्वारा निरंतर गश्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदियों, नालों और जलाशयों में पानी का तेज प्रवाह है, ऐसे में लोग इन क्षेत्रों में प्रवेश न करें।
इस दौरान सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय खत्री, कनिष्ठ अभियंता नीरज शर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

