छत्तीसगढ़/अंतरराष्ट्रीय योग दिवस /21 जून 2025
🌞 वनांचल में योग की गूंज: मदनपुर-रचक्मा गांव में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष आयोजन
रिपोर्ट: मदनपुर रचक्मा,पाली – छत्तीसगढ़
Edited By : गणपत चौहान
टेलीग्राफ टाइम्स
जून 22,2025
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर योग को जन-जन तक पहुंचाने हेतु ग्राम पंचायत मदनपुर एवं रचक्मा (विकासखंड – पाली, जिला – कोरबा) में एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन एकल विद्यालय के जिला दायित्वान किताब सिंह पैकरा एवं ग्राम के माननीय सरपंच जी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पाली खंड से अनेक वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। जिनमें संघचालक परम सिंह छाबड़ा, खंड कार्यवाह बुद्धि सागर,शाही, शारीरिक प्रमुख गनी सिंह पावले विशेष रूप से शामिल हुए।

एकल विद्यालय के प्रतिनिधि घासीराम आयाम, शीतल शर्मा, दशरथ प्रजापति, कृष्णा यदु एवं जनपद उपाध्यक्ष दिलहरन सहित बड़ी संख्या में वनवासी भाई-बहन और बच्चे भी उपस्थित रहे।
योग प्रशिक्षण का नेतृत्व आचार्या गुंजन दीदी ने किया। उन्होंने योग के विभिन्न आसनों के अभ्यास के साथ-साथ जीवन में इसके लाभों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में मार्गदर्शन देते हुए श्री बुद्धि सागर शाही ने स्वदेशी, कुटुंब, पर्यावरण, सामाजिक समरसता एवं नागरिक कर्तव्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रेरणादायी विचार साझा किए।
उन्होंने कहा कि –
“योग केवल शरीर नहीं, आत्मा और समाज को भी जोड़ता है। यदि हम योग को अपनाएं, तो न केवल हमारा स्वास्थ्य सुधरता है, बल्कि हम अपने कुटुंब, गांव और राष्ट्र की सेवा भी कर सकते हैं।“
कार्यक्रम में ग्रामवासियों का उत्साह देखने लायक था। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। यह आयोजन यह दर्शाता है कि योग अब केवल शहरों तक सीमित नहीं, बल्कि वनांचल में भी आध्यात्मिक जागृति और स्वास्थ्य चेतना का माध्यम बन चुका है।