वंदे मातरम्@150 कार्यक्रम के दिव्य एवं भव्य आयोजन की तैयारियां जोरों पर

वंदे मातरम्@150 कार्यक्रम के दिव्य एवं भव्य आयोजन की तैयारियां जोरों पर

नरेश गुनानी •

05 नवम्बर 2025, जयपुर।
राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित वंदे मातरम्@150 राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आगामी 7 नवम्बर को जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में होने वाले इस आयोजन को लेकर पर्यटन विभाग के प्रमुख शासन सचिव राजेश कुमार यादव ने बुधवार को तैयारियों का निरीक्षण किया।

उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार कार्यक्रम को देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत बनाने तथा अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यादव ने संबंधित विभागों को सभी सरकारी, गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी और मेडिकल कॉलेजों के साथ एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए आरएसी, पुलिस और विद्यालयों के कुल पांच बैंड की प्रस्तुतियों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को प्रचार-प्रसार, प्रदर्शनी और होर्डिंग्स की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आरटीओ विभाग को विद्यार्थियों को लाने-ले जाने हेतु बसों की व्यवस्था करने को कहा गया।

कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठने की व्यवस्था, द्वार सजावट और अन्य तैयारियों की समीक्षा भी की गई। इस दौरान शासन सचिव युवा मामले व खेल विभाग नीरज के पवन, जिला कलक्टर जितेन्द्र कुमार सोनी, नगर निगम हैरिटेज आयुक्त निधि पटेल, जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में भव्य “वंदे मातरम्” गायन, 50 हजार तिरंगा झंडों का वितरण, पुलिस और आर्मी बैंड प्रस्तुतियाँ, महापुरुषों की प्रदर्शनी सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षकों और आम नागरिकों द्वारा सामूहिक राष्ट्रगान और वंदे मातरम् गायन किया जाएगा।

राज्यभर में 7 नवम्बर को जयपुर सहित अजमेर, बीकानेर, उदयपुर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर, सीकर, भीलवाड़ा और अलवर में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होंगे। 8 और 9 नवम्बर को अन्य 31 जिलों में प्रभात फेरी, रन या बाइक रैली के माध्यम से “वंदे मातरम्” का जनप्रचार किया जाएगा।

शहीद स्मारकों पर श्रद्धांजलि, विद्यालयों में निबंध, चित्रकला व रंगोली प्रतियोगिताएं, एनएसएस द्वारा स्वच्छता व रक्तदान अभियान, स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इस आयोजन का हिस्सा होंगी।

सभी सरकारी कार्यालयों में 10 नवम्बर से 15 नवम्बर तक “वंदे मातरम्@150” और स्वदेशी संकल्प कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अलावा 7 से 26 नवम्बर (संविधान दिवस) तक सभी शिक्षण संस्थानों में “वंदे मातरम्” का सामूहिक वाचन होगा।

इस अभियान के तहत “एक स्थान, एक समय, एक गीत — वंदे मातरम्” की थीम पर सामूहिक गायन और रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता व स्वदेशी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related