जयपुर/सुनील शर्मा/राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जयपुर स्थित लोकभवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुक्रवार को राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने लोकभवन परिसर में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के महान विचारों को याद करते हुए कहा कि गांधीजी के सत्य, अहिंसा और अपरिग्रह के आदर्श हम सभी के लिए जीवन की मुख्य प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में इन सिद्धांतों की प्रासंगिकता और अधिक बढ़ गई है।
शास्त्रीजी के योगदान को रेखांकित करते हुए राज्यपाल ने उनके जीवन की सादगी, ईमानदारी और उच्च नैतिक मूल्यों का उल्लेख किया। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग और जन-जन से आह्वान किया कि वे शास्त्रीजी के इन आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं और देश की प्रगति में योगदान दें।