लुटेरी दुल्हन गिरोह का पर्दाफाश
अजमेर पुलिस की बड़ी सफलता, उत्तरप्रदेश से तीन महिलाएं गिरफ्तार, पूछताछ जारी
रिपोर्ट हरि प्रसाद शर्मा पुष्कर, संपादन नरेश गुनानी, टेलीग्राफ टाइम्स।
अजमेर, 3 अक्टूबर।
अजमेर की गंज थाना पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए लुटेरी दुल्हन सहित तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उत्तरप्रदेश में दबिश देकर इन महिलाओं को पकड़ा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अब तक कई राज्यों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है।
कैसे खुला राज?
गंज थाना प्रभारी महावीर सिंह ने प्रेसवार्ता में जानकारी दी कि कमला बावड़ी निवासी प्रमोद कुमार ने दो महीने पहले रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रमोद की शादी नहीं हो रही थी और इसी बीच एक दलाल के जरिए उसका संपर्क उत्तरप्रदेश की महिला दलाल मनीषा कुशवा से हुआ। मनीषा ने शादी कराने के नाम पर 1.80 लाख रुपये की मांग की। लड़की का फोटो देखकर प्रमोद ने रिश्ता तय कर दिया और यात्रा खर्च के रूप में पहले पाँच हजार रुपये भेज दिए।
4 अगस्त को सियालदह ट्रेन से चार महिलाएं और एक युवक अजमेर पहुंचे। युवक ने खुद को लड़की का भाई बताया, जबकि अन्य ने मौसी, भाभी और नानी होने का दावा किया। सभी को पुरानी मंडी के एक होटल में ठहराया गया। उसी दिन आर्य समाज मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कराया गया और पीड़ित प्रमोद ने 1.80 लाख रुपये दलाल मनीषा को ट्रांसफर कर दिए।
लेकिन, शादी के अगले ही दिन दुल्हन पति के साथ दरगाह क्षेत्र घूमने गई और वहीं से फरार हो गई। इसके बाद पीड़ित ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एएसआई स्तर पर सौंपी गई। मुखबिर तंत्र सक्रिय कर जांच शुरू हुई और पता चला कि लुटेरी दुल्हन इस्लामपुर (उत्तरप्रदेश) की रहने वाली सानिया दास उर्फ रिया (22) पत्नी सोनू, महिला दलाल मनीषा कुशवा (27) पत्नी राजकुमार और गिरोह की मास्टरमाइंड तारा देवी पत्नी श्यामसुंदर वहीं मौजूद हैं।
पुलिस टीम ने दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से पांच हजार रुपये नगद भी बरामद हुए हैं।
कोर्ट में पेश, आगे की जांच जारी
थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार तीनों महिलाओं को कोर्ट में पेश किया गया है और आगे का अनुसंधान जारी है। पुलिस इनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में संकेत मिले हैं कि यह गिरोह अन्य राज्यों में भी ठगी कर चुका है।
बड़ी सफलता
अजमेर पुलिस इस गिरफ्तारी को बड़ी सफलता मान रही है क्योंकि पिछले कुछ समय से शादी के नाम पर ठगी और लुटेरी दुल्हन के मामले तेजी से बढ़ रहे थे। पुलिस का दावा है कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी चिह्नित कर जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।