लालू यादव ने बेटे तेजप्रताप यादव को RJD से 6 साल के लिए निष्कासित किया, निजी जीवन को लेकर विवाद के बाद कार्रवाई
Reported By: रंजीत मेहरा
Edited By: नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 25, 2025
पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने अपने ज्येष्ठ पुत्र तेजप्रताप यादव को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। यह कड़ा कदम तेजप्रताप द्वारा हाल ही में अपने रिलेशनशिप को लेकर की गई सार्वजनिक घोषणा के बाद उठाया गया है, जिसने राजनीतिक और पारिवारिक हलकों में हलचल मचा दी।
रिलेशनशिप पोस्ट से शुरू हुआ विवाद

शनिवार को तेजप्रताप यादव ने फेसबुक पर एक युवती के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए खुलासा किया था कि वह पिछले 12 वर्षों से रिलेशनशिप में हैं। इस पोस्ट में उन्होंने लड़की का नाम अनुष्का यादव बताया और लिखा कि यह बात वह काफी समय से साझा करना चाहते थे।
हालांकि, कुछ ही घंटों बाद उन्होंने पोस्ट डिलीट कर दिया। फिर उसी तस्वीर को दोबारा पोस्ट किया, लेकिन बाद में यह भी हटा दिया गया। अंत में तेजप्रताप ने दावा किया कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिया गया था और एआई-जेनरेटेड तस्वीरों के ज़रिए उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है।
लालू यादव की सख्त टिप्पणी
इस घटनाक्रम के बाद लालू यादव ने एक बयान जारी कर कहा, “निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए किए जा रहे सामूहिक संघर्ष को कमजोर करता है। मेरे ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधियां, लोक आचरण और गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “उपरोक्त परिस्थितियों को देखते हुए मैं उन्हें पार्टी और परिवार से दूर करता हूं। अब से पार्टी और परिवार में उनकी कोई भूमिका नहीं रहेगी। उन्हें पार्टी से छह वर्षों के लिए निष्कासित किया जाता है।”
संबंध रखने वालों को चेतावनी
लालू यादव ने स्पष्ट किया कि तेजप्रताप से जो भी संबंध रखेंगे, वे अपने विवेक से निर्णय लें। उन्होंने कहा, “मैं लोकजीवन में लोकलाज का सदैव हिमायती रहा हूं, और हमारे परिवार के आज्ञाकारी सदस्यों ने सार्वजनिक जीवन में इसी विचार को अपनाया है।”
तेजस्वी यादव का भी बयान
इस पूरे घटनाक्रम पर तेजप्रताप के छोटे भाई और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि तेजप्रताप अपने निजी जीवन के फैसले खुद लेने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन वह पार्टी अध्यक्ष लालू यादव के फैसले का समर्थन करते हैं। तेजस्वी ने कहा, “मुझे ये सब न तो पसंद है और न ही बर्दाश्त। मैं अपना काम कर रहा हूं और बड़े भाई की निजी जिंदगी में दखल नहीं देता।”
तेजप्रताप की सफाई
पोस्ट डिलीट करने के बाद तेजप्रताप ने आरोप लगाया कि उनकी छवि को धूमिल करने के लिए उनके सोशल मीडिया अकाउंट को हैक किया गया और एआई-जनित तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने इसे साजिश करार दिया लेकिन स्पष्ट रूप से यह नहीं बताया कि रिलेशनशिप की बात कितनी सत्य है।
तेजप्रताप यादव पहले भी कई बार अपने विवादित बयानों और गतिविधियों के कारण चर्चा में रहे हैं, लेकिन इस बार मामला राजनीतिक से अधिक पारिवारिक मर्यादा और नैतिकता से जुड़ा माना जा रहा है। लालू यादव द्वारा बेटे को पार्टी और परिवार से अलग करने का निर्णय, एक तरह से सख्त अनुशासन और पारिवारिक मूल्यों की पुनः स्थापना का संदेश भी माना जा रहा है।