योगेश शर्मा
जयपुर। लायंस इंटरनेशनल प्रांत 3233 ई-1 की आगामी सत्र (2026-27) की प्राथमिकताओं और सेवा योजनाओं को अंतिम रूप देने के लिए एक महत्वपूर्ण प्री-कैबिनेट मीटिंग ‘अर्पण’ का आयोजन 21 जून को गुलाबी नगरी में होने जा रही है। यह उच्च स्तरीय बैठक टोंक रोड स्थित होटल क्लेरियन बेला कासा में प्रातः 11:00 बजे से शुरू होगी।
नवनिर्वाचित इंटरनेशनल डायरेक्टर होंगे मुख्य अतिथि
यह गरिमामयी बैठक प्रांतपाल निर्वाचित एमजेएफ लायन डॉ. आशुतोष वशिष्ठ के कुशल नेतृत्व में आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नवनिर्वाचित इंटरनेशनल डायरेक्टर पीएमजेएफ लायन कुलभूषण मित्तल होंगे। बैठक में राजस्थान और मध्य प्रदेश के विभिन्न लायंस क्लबों से आए प्रांतीय पदाधिकारी, रीजन व जोन चेयरपर्सन और कैबिनेट सदस्य हिस्सा लेंगे। इसके अलावा, लायंस इंटरनेशनल की कई वरिष्ठ हस्तियां और पूर्व प्रांतपाल (पीडीजी) भी उपस्थित रहकर अपने संगठनात्मक अनुभव साझा करेंगे।
आगामी सत्र 2026-27 का रोडमैप होगा तैयार
प्रांतपाल निर्वाचित डॉ. आशुतोष वशिष्ठ ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा:
”प्रांत का मूल ध्येय पीड़ित मानव सेवा को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है। ‘अर्पण’ बैठक के दौरान आगामी सत्र में चलाए जाने वाले विभिन्न सेवा प्रकल्पों, सामाजिक सरोकारों, सदस्यता वृद्धि, नेतृत्व विकास और संगठन को वैचारिक व व्यावहारिक रूप से सुदृढ़ करने की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी।”
निशुल्क पंजीकरण, केवल कैबिनेट सदस्यों के लिए प्रवेश
रीजन चेयरपर्सन एमजेएफ लायन मनीष शर्मा ने बताया कि यह प्री-कैबिनेट मीटिंग आगामी लायन वर्ष के सेवा संकल्पों को एक नई दिशा देने वाला मील का पत्थर साबित होगी। सेवा और आपसी सद्भाव को मजबूत करने वाले इस मंच के लिए किसी भी प्रकार का पंजीकरण शुल्क नहीं रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन विशेष रूप से केवल प्रांतीय कार्यकारिणी (डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट) के सदस्यों के लिए ही है।
आयोजक समिति ने सभी आमंत्रित पदाधिकारियों और कैबिनेट सदस्यों से समय पर उपस्थित होकर इस वैचारिक मंथन को सफल बनाने और लायनवाद के सेवा लक्ष्यों को गति देने की अपील की है।