जयपुर/ नरेश गुनानी/प्रदेश में गोवंश को लंपी स्किन डिजीज से सुरक्षित रखने तथा इस संक्रमण के प्रभावी नियंत्रण के लिए पशुपालन विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। सोमवार को पशुधन भवन स्थित सभागार में पशुपालन विभाग के प्रमुख शासन सचिव विकास सीतारामजी भाले की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश में लंपी रोग की वर्तमान स्थिति, टीकाकरण, उपचार व्यवस्था तथा घर-घर चलाए जा रहे सर्वेक्षण अभियानों की बिंदुवार विस्तृत समीक्षा की गई।
भाले ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री गोवंश स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर अत्यंत गंभीर हैं और उनके दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभाग जमीनी स्तर पर तत्परता से काम कर रहा है। केंद्र सरकार के पशुपालन आयुक्त डॉ. नवीन बी ने भी हाल ही में हुई चर्चा के दौरान राजस्थान सरकार द्वारा लंपी रोग नियंत्रण के लिए उठाए जा रहे कदमों की सराहना की है। प्रमुख शासन सचिव ने अधिकारियों को दो-टूक निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिला स्तर पर रोजाना स्थिति की मॉनिटरिंग कर उच्च स्तर पर रिपोर्ट भेजी जाए।
बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश एवं कार्ययोजना:
- अप्रभावित जिलों पर विशेष फोकस: जिन जिलों में फिलहाल लंपी का कोई मामला सामने नहीं आया है, वहां विशेष निगरानी और सतर्कता बरती जाए ताकि संक्रमण नए इलाकों में न फैले।
- डोर-टू-डोर सर्वे और निरंतर निगरानी: प्रभावित क्षेत्रों में पशु चिकित्सा दल घर-घर जाकर बीमार पशुओं की पहचान करेंगे। जिला स्तरीय निगरानी समितियों को संभाग और राज्य स्तर से निरंतर मॉनिटर किया जाएगा।
- दवाइयों की उपलब्धता और वित्तीय संसाधन: प्रत्येक जिले को आवश्यक दवाओं, छिड़काव सामग्री और आपातकालीन व्यवस्थाओं के लिए विशेष बजट आवंटित किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि दवाओं की कमी नहीं आनी चाहिए और संबंधित क्षेत्रों में फॉगिंग व कीटाणुनाशक दवाओं का नियमित छिड़काव सुनिश्चित किया जाए।
- कंट्रोल रूम और रैपिड रेस्पॉन्स टीम: राज्य और जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। वहीं, ब्लॉक स्तर पर गठित रैपिड रेस्पॉन्स टीमों को कंट्रोल रूम के साथ सीधा तालमेल रखकर बीमार गोवंश को त्वरित इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं।
- पशु मेलों और हाटों पर रोक: संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए पशु मेलों, हाटों और पशुओं के एक स्थान से दूसरे स्थान पर आवागमन पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है। आइसोलेशन केंद्रों की स्थापना और स्वच्छता प्रबंधन को बीमारी के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार बताया गया।
- सघन जागरूकता अभियान: पशुपालकों को रोग के लक्षण, बचाव, स्वच्छता तथा संक्रमित पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखने की जानकारी देने के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और स्थानीय माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है।
पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. सुरेश मीना ने बताया कि बीमारी की रोकथाम के लिए सभी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं और फील्ड स्तर पर तैनात कार्मिकों को आपसी तालमेल से काम करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
बैठक का संचालन करते हुए गोपालन विभाग की निदेशक कश्मी कौर ने अपील की कि लंपी को मौजूदा क्षेत्रों तक ही सीमित रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने गौशालाओं में गोवंश की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यूनिटी) बढ़ाने के लिए देसी नुस्खों के उपयोग पर भी बल दिया।
विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि गोवंश में लंपी के लक्षण दिखने पर बिल्कुल न घबराएं और तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सा केंद्र या नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर परामर्श व उपचार प्राप्त करें। बैठक में पशुपालन विभाग के अतिरिक्त निदेशक (मेडिसिन/डिजीज कंट्रोल) सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों एवं गौशाला संचालकों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हिस्सा लिया।