| Vijay Temani
जयपुर। नर सेवा को ही नारायण सेवा मानते हुए रोटरी क्लब जयपुर स्पार्कल ने समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए एक अत्यंत सराहनीय और मानवीय प्रोजेक्ट “रोटी रोटरी की” की शुरुआत की है। रविवार को जयपुर के राजा पार्क इलाके में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में इस सेवा प्रकल्प का शुभारंभ किया गया।
इस सेवा कार्य के अंतर्गत वर्ष के सभी 365 दिन, प्रतिदिन लगभग 300 जरूरतमंद लोगों को पौष्टिक और निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
घनेश्वर शर्मा के सान्निध्य में हुआ आयोजन
इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के सफल क्रियान्वयन के लिए रोटेरियन घनेश्वर दत्त शर्मा को ‘प्रोजेक्ट डायरेक्टर’ मनोनीत किया गया है। आज राजा पार्क में आयोजित कार्यक्रम उन्हीं के सान्निध्य में संपन्न हुआ, जहाँ उन्होंने सेवा की कमान संभाली।
वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के दौरान क्लब के मेंटर कुलदीप सिंह ढिल्लों ने सभी सदस्यों का मार्गदर्शन किया और इस पुनीत कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। क्लब के अध्यक्ष डॉ. राजीव जैन और सचिव डॉ. अनुराग तोमर ने संयुक्त रूप से बताया कि क्लब का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को सशक्त बनाना और उसे भूखा न रहने देना है।
इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने संकल्प लिया कि “रोटी रोटरी की” अभियान के माध्यम से जयपुर में कोई भी व्यक्ति साधनहीनता के कारण भूखा नहीं सोएगा। यह सेवा प्रकल्प शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग रोटरी क्लब के इस सेवा भाव की प्रशंसा कर रहे हैं।
