रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पितृशोक, दाऊलाल वैष्णव का निधन — जोधपुर में होगा अंतिम संस्कार
जोधपुर, 8 जुलाई 2025
टेलीग्राफ टाइम्स संवाददाता/ Edited By : नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 08,2025
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके पिता दाऊलाल वैष्णव का आज निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और जोधपुर स्थित एम्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। आज दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार जोधपुर में ही किया जाएगा। अश्विनी वैष्णव इस दुखद समाचार के बाद जोधपुर पहुंच गए हैं और एम्स में अपने पिता के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए।
लंबे समय से थे अस्वस्थ, AIIMS जोधपुर में चल रहा था इलाज
सूत्रों के अनुसार, दाऊलाल वैष्णव की तबीयत पिछले कुछ समय से लगातार खराब बनी हुई थी। उन्हें इलाज के लिए जोधपुर एम्स में भर्ती कराया गया था। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तीन दिन पहले भी अपने पिता की तबीयत जानने के लिए जोधपुर पहुंचे थे और एम्स में डॉक्टरों से विस्तृत जानकारी ली थी। आज सुबह ही उनके निधन की सूचना मिली, जिससे पूरे परिवार में शोक व्याप्त है।
आयकर विभाग में करते थे प्रैक्टिस, रहे वरिष्ठ सलाहकार
दाऊलाल वैष्णव आयकर विभाग से जुड़े रहे और वर्षों तक टैक्स प्रैक्टिशनर के रूप में सेवाएं दीं। वह जोधपुर के पूर्व विधायक कैलाश भंसाली के साथ कार्यरत थे। पेशे से कानून और टैक्स मामलों में विशेषज्ञ माने जाते थे। उनके सहयोगियों और जानने वालों में उनकी विद्वता और सौम्यता को लेकर विशेष सम्मान था।
मूल रूप से पाली जिले के निवासी
दाऊलाल वैष्णव मूल रूप से पाली जिले के जीवंद कलां गांव के निवासी थे। वर्ष 1966 में वे पाली से जोधपुर स्थानांतरित हो गए थे और वहीं अपने परिवार के साथ स्थायी रूप से बस गए। उनका जीवन सादगी, सेवा और समर्पण की मिसाल रहा है।
अंतिम संस्कार दोपहर बाद जोधपुर में
दाऊलाल वैष्णव का अंतिम संस्कार आज दोपहर बाद जोधपुर में किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए परिजन, संबंधी, शुभचिंतक और राजनीतिक-सामाजिक क्षेत्र की हस्तियां जोधपुर पहुंच रही हैं। कई केंद्रीय और राज्य मंत्री, प्रशासनिक अधिकारी व अन्य गणमान्यजन उनके निधन पर शोक व्यक्त कर चुके हैं।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को इस कठिन समय में ढांढस बंधाने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय सहित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने भी संवेदनाएं प्रकट की हैं।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और परिवार को यह वज्रपात सहने की शक्ति दे