रेनबो विद्यालय में जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन सम्पन्न
रिपोर्ट: टेलीग्राफ टाइम्स रायगढ़
By : गणपत चौहान
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 21,2025
रायगढ़। रेनबो विद्यालय, शैलेन्द्र नगर, रायगढ़ में सोमवार को चौथी जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन विद्यालय प्रांगण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जिले भर से आए कई विद्यालयों के विद्यार्थियों ने योग की विभिन्न मुद्राओं का प्रदर्शन कर न केवल अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, बल्कि योग के महत्व को भी दर्शाया।
उद्घाटन समारोह में अतिथियों का गरिमामय सान्निध्य
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और भारत माता की जय, वंदे मातरम् जैसे ओजपूर्ण नारों के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में नेहरू युवा केंद्र रायगढ़ के डिप्टी डायरेक्टर श्री बलबीर शर्मा, कार्यक्रम की अध्यक्षता रेनबो विद्यालय की संस्था प्रमुख श्रीमती रितु सेठी, विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री विजय तिर्की, प्राचार्य शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा श्री खुशीराम मेहर, सेवानिवृत्त शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन शोभी सोनी और सीमा शर्मा ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को ऊर्जा और उत्साह से भरते हुए, खेल भावना के साथ योग प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई।
मुख्य वक्ताओं ने योग के महत्व पर डाला प्रकाश
मुख्य अतिथि बलबीर शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि “योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है।”
रेनबो विद्यालय की प्राचार्या ने अपने भाषण में बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यालय के छात्र पूर्व में राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की तैयारी के लिए प्रोत्साहित किया।

रायगढ़ डिस्ट्रिक्ट योग संघ के अध्यक्ष श्री प्रदीप गर्ग ने कहा कि योग सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। बच्चों को प्रतिदिन योगाभ्यास की आदत डालनी चाहिए जिससे वे मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रह सकें।
योग आसनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने शीर्षासन, भुजंगासन, हस्तपादासन, चक्रासन, सूर्य नमस्कार, धनुरासन, त्रिकोणासन, मयूरासन, भद्रासन जैसे विभिन्न योग आसनों का प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों को देखकर दर्शकगण दंग रह गए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर छात्र-छात्राओं ने योग नृत्य और योग गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित विद्यार्थियों को आगामी 26 व 27 जुलाई को होने वाली राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया गया।
धन्यवाद ज्ञापन
कार्यक्रम आयोजक समिति के संचालक जय यादव ने समापन पर उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की उपस्थिति और भागीदारी ने इस आयोजन को विशेष बना दिया।
रिपोर्ट: टेलीग्राफ टाइम्स रायगढ़