राष्ट्रीय स्तर की सीबीआरएन प्रतियोगिताओं में एसडीआरएफ राजस्थान का शानदार प्रदर्शन
टीम ने वेस्टर्न ज़ोन में हासिल किया दूसरा स्थान, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन
कमांडेंट राजेन्द्र सिंह सिसोदिया ने कार्मिकों को नकद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
गौरव कोचर
जयपुर, 25 नवम्बर 2025।
राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) राजस्थान की टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित सीबीआरएन (केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर) प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। कमांडेंट राजेन्द्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि टीम ने दो प्रमुख प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी विशेषज्ञता, तत्परता और तकनीकी कौशल का प्रभावी प्रदर्शन किया।
वेस्टर्न ज़ोन प्रतियोगिता में दूसरा स्थान
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के तत्वावधान में पुणे (महाराष्ट्र) में 14 से 16 अक्टूबर 2025 तक आयोजित वेस्टर्न ज़ोन सीबीआरएन प्रतियोगिता में राजस्थान एसडीआरएफ की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इस प्रतियोगिता में राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश, गोवा, दादरा एवं नागर हवेली तथा महाराष्ट्र की एसडीआरएफ टीमों ने भाग लिया था। कड़े मुकाबले में महाराष्ट्र की टीम प्रथम स्थान पर रही, जबकि राजस्थान ने अपनी दक्षता और समन्वय के दम पर दूसरा स्थान हासिल किया।
राष्ट्रीय स्तर की सीबीआरएन प्रतियोगिता में भी दमदार उपस्थिति
एसडीआरएफ राजस्थान ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित सीबीआरएन प्रतियोगिता 2025 में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, असम, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों की टीमें शामिल हुई थीं।
उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, टीमवर्क और आपदा प्रबंधन कौशल के दम पर राजस्थान की टीम ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाई।
कार्मिकों का सम्मान, नकद पुरस्कार और प्रशंसा-पत्र प्रदान
टीम के इस सराहनीय प्रदर्शन के लिए 24 नवंबर को एसडीआरएफ कंट्रोल रूम, जयपुर में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कमांडेंट राजेन्द्र सिंह सिसोदिया ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी 22 कार्मिकों को नकद पुरस्कार और प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि एसडीआरएफ की प्रशिक्षण क्षमता, अनुशासन और आपदा प्रबंधन में पेशेवर दक्षता का प्रतीक है। सिसोदिया ने उम्मीद जताई कि टीम आगे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का उत्कृष्ट प्रतिनिधित्व करती रहेगी।