राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 का बिलासपुर में भव्य आगाज़, 17 राज्यों से पहुंचे 250 से अधिक खिलाड़ी
रिपोर्ट: टेलीग्राफ टाइम्स छत्तीसगढ़
By : गणपत चौहान
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 01,2025
बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गुरुवार को राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग (शक्तितोलन) चैंपियनशिप 2025 का भव्य आगाज़ हुआ। बिलासपुर पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन और सीनियर पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 31 जुलाई से 3 अगस्त तक मंगला चौक स्थित नर्मदा नगर सामुदायिक भवन में हो रही है। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और गरिमामय माहौल में प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य अतिथि
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री गुरु तेग बहादुर शिक्षण समिति के अध्यक्ष श्री अजीत भोगल सिंह, प्रसिद्ध ज्योतिष एवं वास्तु विशेषज्ञ श्री धर्मेंद्र परमार, पूर्व महामंत्री श्री अमित चतुर्वेदी, रायगढ़ जिला के श्रमिक नेता श्री गणपत चौहान, महासचिव श्री उदल वाल्मीकि, सचिव श्री अक्षय साहू, यूनाइटेड पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन इंडिया के महासचिव श्रीबास गोस्वामी और अध्यक्ष श्री इशान रंजन बैनर्जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

देशभर से पहुंचे खिलाड़ी
प्रतियोगिता में 17 से 18 राज्यों के लगभग 250 खिलाड़ी सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर (1, 2, 3) वर्गों में (महिला एवं पुरुष) अपनी ताकत और हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं। आयोजन समिति ने खिलाड़ियों के रहने और खाने की उत्कृष्ट व्यवस्था की है, जिससे प्रतिभागी पूरी ऊर्जा के साथ मुकाबले में हिस्सा ले सकें।
सख्त नियम व रेफरी पैनल
प्रतियोगिता को निष्पक्ष और उच्च स्तर पर संपन्न कराने के लिए 50 से अधिक रेफरी, जूरी, कोच और मैनेजर की टीम निगरानी कर रही है। पुरुष वर्ग के लिए कोच श्री उत्तम कुमार साहू और महिला वर्ग के लिए कोच सुश्री मेघा भगत को जिम्मेदारी दी गई है।
स्वस्थ जीवन में खेल का खास महत्व : भोगल
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी अजीत सिंह भोगल ने कहा कि व्यक्ति के समग्र विकास और स्वस्थ जीवन के लिए खेलों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक तंदुरुस्ती को बढ़ाते हैं, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं।
भोगल ने जोर देकर कहा कि एक अच्छे खिलाड़ी की पहचान उसके जीवन में कठोर अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा से होती है। आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत के बल पर आगे बढ़ने की ललक ही सफलता की कुंजी है, जो किसी भी खिलाड़ी को ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।
वर्ल्ड सिलेक्शन के लिए अहम मुकाबला
इस बार की नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का महत्व और भी बढ़ गया है, क्योंकि यह वर्ल्ड सिलेक्शन के लिए निर्णायक है। इस वर्ष के अंत में भारत में आयोजित होने वाली वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए चयन यहीं से होगा। बिलासपुर को इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी मिलना जिले और प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने अपने दमखम का जोरदार प्रदर्शन किया और दर्शकों में रोमांच भर दिया। आने वाले तीन दिनों में अलग-अलग वजन वर्गों में मुकाबले होंगे और विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

