जयपुर / योगेश शर्मा /राजस्थान राव राजपूत सभा भवन समिति की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और ऊर्जावान बैठक जयपुर स्थित समिति के सभाभवन में संपन्न हुई। समिति के अध्यक्ष मिन्तर सिंह मोसलपुर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक की सबसे बड़ी विशेषता समाज के युवाओं की भारी तादाद में भागीदारी रही। बैठक में समाज के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भवन के विकास से लेकर सामाजिक एकजुटता तक के कई अहम मुद्दों पर बेबाकी से अपने विचार रखे।
अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा करने और अध्ययन कक्ष बनाने पर जोर
बैठक के दौरान समाज और भवन के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन मंथन हुआ। युवाओं ने सुझाव दिया कि दूर-दराज से जयपुर आने वाले समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के अध्ययन के लिए भवन में विशेष रूम (अध्ययन कक्ष) आवंटित किए जाने चाहिए। इसके साथ ही, भवन के जो निर्माण कार्य वर्तमान में अधूरे पड़े हैं, उन्हें युद्धस्तर पर अति शीघ्र पूरा करने की मांग की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से तय हुआ कि:
- निर्माण कार्यों में पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी बरती जाएगी।
- संगठन के चुनाव समय पर संपन्न कराए जाएंगे।
- युवाओं को अपनी बात रखने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए समय-समय पर ऐसी बैठकों का आयोजन निरंतर जारी रहेगा।
नकारात्मकता त्यागने की अपील, अध्यक्ष ने पेश किए अहम दस्तावेज
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि समाज में हर व्यक्ति को नकारात्मक सोच को त्यागकर सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ना होगा, क्योंकि सकारात्मक दृष्टिकोण से ही समाज का वास्तविक विकास संभव है।
अध्यक्ष मिन्तर सिंह मोसलपुर ने युवाओं के हर सवाल और सुझाव को बेहद गंभीरता से सुना और एक-एक करके उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। पारदर्शिता की मिसाल पेश करते हुए अध्यक्ष ने सभा भवन से जुड़े वे तमाम महत्वपूर्ण और आवश्यक दस्तावेज युवाओं के समक्ष प्रस्तुत किए, जिनकी लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अध्यक्ष की इस कार्यशैली और स्पष्टवादिता से संतुष्ट होकर सभी युवाओं ने करतल ध्वनि से उनका स्वागत किया और समाज हित में कंधे से कंधा मिलाकर साथ चलने का संकल्प लिया।
दानदाताओं से संपर्क करेगी युवाओं की टीम
भवन निर्माण के लिए पूर्व में कई दानदाताओं द्वारा सहयोग राशि की घोषणा (बोली) की गई थी। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस रुकी हुई राशि को जल्द से जल्द एकत्रित किया जाएगा। इसके लिए युवा साथियों की एक टीम अति शीघ्र अध्यक्ष महोदय के साथ मिलकर दानदाताओं से संपर्क करने का समय तय करेगी, ताकि निर्माण कार्य को वित्तीय गति मिल सके।
नई सदस्यता का स्वागत और युवा कार्यकर्ता का मनाया जन्मदिन
बैठक में पहुंचे सभी युवा साथियों का सभा भवन समिति की ओर से माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत व सम्मान किया गया। इस दौरान समाज हित से प्रभावित होकर कई ऐसे युवाओं ने, जो अब तक समिति के सदस्य नहीं थे, मौके पर ही कोषाध्यक्ष रघुवीर सिंह रामपुरा से अपनी सदस्यता रसीद कटवाकर सभा भवन की आजीवन सदस्यता ग्रहण की।
इसके साथ ही, बैठक में समाज के सक्रिय युवा कार्यकर्ता करण सिंह पाटोदा का जन्मदिन भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उपस्थित सभी लोगों ने केक काटकर और मुंह मीठा कराकर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं।
यह प्रमुख युवा और प्रबुद्धजन रहे उपस्थित
इस वैचारिक और संगठनात्मक बैठक में मुख्य रूप से विजेंद्र सिंह मेनां, सुरेश सिंह कप्तान छपरवाड़ा, गोपाल सिंह छापरवारा, जॉनी बना, नरेश सिंह देवपुरा, विजयदीप सिंह कूट, पवन सिंह मारोठपुरा, राकेश सिंह हनोतिया, बने सिंह मारोठपुरा, सरपंच उमेद सिंह, दिनेश सिंह ढाकली, सरपंच बलवीर सिंह पाव्सु, एडवोकेट सुरेंद्र सिंह छपरवाड़ा, एडवोकेट महेंद्र सिंह देवपुरा, वीरेंद्र सिंह बुजदगढ़, सुमेर सिंह टोडा, अजय सिंह ढाणी गुमानपुरा, करण सिंह पाटोदा, रविंद्र सिंह भांडारेज, महेंद्र सिंह बना बमुलिया, और राकेश बनवारी सहित राव राजपूत समाज के सैकड़ों सक्रिय युवा और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।